हिसार सिविल अस्पताल को मिली सीटी स्कैन मशीन, निजी अस्पतालों से आधे दाम में होंगे टेस्ट
अलग-अलग श्रेणी में 1040 से 7560 रुपये तक जांच रेट होंगे प्राइवेट अस्पतालों में वसूले जा रहे 1500 से 12 हजार तक। जून महीने के पहले हफ्ते में मरीजों को सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
हिसार, जेएनएन। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार सिविल अस्पताल को सीटी स्कैन की मशीन मिल गई है। मरीजों को अब सिटी स्कैन कराने के लिए निजी अस्पतालों में भारी भरकम फीस नहीं देनी पड़ेगी। उनको सिविल अस्पताल में सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने एक प्राइवेट कंपनी से टाइअप किया है। इसमें सात श्रेणियों के मरीजों को निशुल्क सिटी स्कैन की सुविधा दी जाएगी। बाकी मरीजों से निजी अस्पताल से कम रेट वसूले जाएंगे।
सिविल अस्पताल में सीटी स्कैन की मशीन नहीं थी। मरीजों को महंगे दाम पर प्राइवेट अस्पतालों में सीटी स्कैन कराने पर मजबूर होना पड़ रहा था। स्वास्थ्य विभाग एक प्राइवेट कंपनी से टाइअप का प्रयास काफी समय से कर रहा था। वह योजना अब सिरे चढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल के अगले भाग में मशीन स्थापित करने की जगह चिहिन्त की है।
कंपनी ने अस्पताल में मशीन भिजवा दी है। जून महीने के पहले हफ्ते में मरीजों को इसकी सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। अब मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों में अपनी जेब नहीं कटवानी पड़ेगी। उनको सिविल अस्पताल में रियायती रेट पर सीटी स्कैन की सुविधा मिलेगी।
इनका फ्री में होगा सीटी स्कैन
-राज्य सरकार से विकलांगता भत्ता प्राप्त करने वाले।
- किसी श्रेणी में नहीं आने वाला गरीब मरीज।
-राज्य का अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित मरीज।
-आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग संबंधित मरीजों के लिए।
- सड़क दुर्घटना में घायल अस्पताल पहुंचने वाले वे लोग, जिनका सहायक न हो।
- राज्य सरकार के कर्मचारी, पेंशनर, उनके आश्रित और स्वतंत्रता सेनानी।
- राज्य के पीले कार्डधारक और शहरी स्लम एरिया के लोग।
रियायती दरों पर वसूले जाएंगे रेट
सिविल अस्पताल में स्थापित सीटी स्कैन सेंटर के बाहर रेट लिस्ट लगी होगी। सिटी स्कैन का अलग-अलग श्रेणी में 1040 से 7560 रुपये तक के रेट हैं। प्राइवेट अस्पतालों में इसके 1500 से 12 हजार तक वसूले जा रहे हैं। सिविल अस्पताल के अग्रणी भाग में मशीन स्थापित की जा रही है। एक जून के बाद मशीन स्थापित हो जाएगी और एक्सपर्ट स्टाफ काम करना शुरू कर देगा। मरीजों को सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी।
--स्वास्थ्य विभाग को सीटी स्कैन की मशीन मिल गई है। एक प्राईवेट कंपनी से टाइअप हुआ है। मशीन अस्पताल में पहुंच गई है और उसे अस्पताल में स्थापित करने का काम जारी है। सिविल अस्पताल में जल्द सस्ते रेट पर सीटी स्कैन की सुविधा मिलेगी।
-डा. संजय दहिया, सिविल सर्जन जिला हिसार।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप