रोहतक में बदमाश ने जमानत पर आकर बनाया गिरोह, डेढ़ माह में कर दी सात बुलेट बाइक चोरी
बुलेट चोर गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। जो करीब डेढ़ माह पहले ही जमानत पर आया था। जमानत पर आने के बाद से ही आरोपित ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर बुलेट चोरी की सात वारदात को अंजाम दिया। चार बुलेट भी बरामद कर ली गई है।
जागरण संवाददाता, रोहतक : जिला पुलिस की एंटी व्हीकल थैफ्ट की टीम ने बुलेट चोर गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। जो करीब डेढ़ माह पहले ही जमानत पर आया था। जमानत पर आने के बाद से ही आरोपित ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर बुलेट चोरी की सात वारदात को अंजाम दिया। आरोपित की निशानदेही पर चार बुलेट भी बरामद कर ली गई है। आरोपित को एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।
एवीटी प्रभारी गोर्धन सिंह ने बताया कि पिछले काफी दिनों से शहर में लगातार बुलेट चोरी की घटनाएं सामने आ रही थी। इसे देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच के बाद हेड कांस्टेबल सुनील कुमार की टीम ने श्याम कालोनी के रहने वाले पवन उर्फ मटरू को गिरफ्तार किया है। आरोपित का पुराना आपराधिक रिकार्ड रहा है, जो करीब डेढ़ माह पहले चोरी और गिरोहबंदी के मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया है।
जमानत पर आने के बाद आरोपित ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर बुलेट चोरी करना शुरू कर दिया। आरोपित ने आर्य नगर थाना क्षेत्र से तीन, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के दो और सिटी थाना क्षेत्र से भी दो बुलेट चोरी की थी। बुलेट चोरी करने के बाद आरोपित उन्हें अपनी जान-पहचान वालों के यहां पर खड़ा कर देता था। उन्हें बताता था कि यह बुलेट खरीदी है और कुछ दिन बाद आकर ले जाएगा।
हालांकि प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपित अभी तक कोई भी बुलेट आगे नहीं बेच सका था। आरोपित से पूछताछ के बाद और भी कई मामले खुलने की संभावना है। आरोपित के दो अन्य साथियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। जल्दी ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।