फतेहाबाद में जमीनी विवाद को लेकर चचेरे भाइयों में चली गंडासी व जेलियां, 48 वर्षीय किसान की मौत
गोरखपुर गांव की ढाणी में जमीनी विवाद को लेकर चचेरे भाईयों में खूनी संघर्ष हो गया जिसमें 48 वर्षीय किसान रामफल की मौत हो गई। जबकि 3 महिलाओं सहित 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज किया है
फतेहाबाद/भूना,जेएनएन। फतेहाबाद के गोरखपुर गांव की ढाणी में जमीनी विवाद को लेकर चचेरे भाईयों में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें 48 वर्षीय किसान रामफल की मौत हो गई। जबकि 3 महिलाओं सहित 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना व अग्रोहा मेडीकल में भर्ती करवाया गया है। वहीं घटना के बाद गमगीन माहौल बना हुआ है। भूना पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव गोरखपुर में कपूरा राम, रामफल व सतबीर सिंह नामक तीन भाईयों का परिवार नहला रोड पर सि्थत खेतों में बनी ढाणी में रहता है। सतबीर की मृत्यु कुछ वर्ष पूर्व हो चुकी है, जिसके चलते उनके बेटे जसमेर व अनूप जमीन पर बिजाई कार्य कर रहे थे। जिनकी पुश्तेनी जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। हालांकि जमीन का बंटवारा भी हो चुका है, लेकिन जमीन की गुणवत्ता को लेकर बंटवारे को लेकर कई बार पक्षपाती बंटवारा मानकर विवाद हो चुका है। बुधवार सुबह 11 बजे के करीब खेतों में काम करते समय कपूरा व रामफल पक्ष का सतबीर के बेटों से झगड़ा हो गया।
जहां रामफल व कपूरा का पक्ष एक तरफ था, जबकि सतबीर सिंह के बेटों का पक्ष दूसरी ओर था। दोनों पक्षों में जमकर गंडासी, जेलियां व तेजधार हथियार चले। बताया जा रहा है कि आपसी हमले में एक ओर जहां एक पक्ष के घायल हुए रामफल, कपूरा, सोनू, सुनील व 3 अन्य महिलाओं को उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल ले जाया गया, जहां रामफल ने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे पक्ष में घायल हुए सतबीर सिंह के बेटे जसमेर व अनूप को लहुलूहान अवस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भूना में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अग्रोहा रेफर कर दिया।
पुलिस जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर प्रहृलाद सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान रामफल नामक व्यक्ति की मौत हुई है। बहरहाल पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर रही है, जिसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।