सिरसा में एक साथ मिले 28 कोरोना पॉजिटिव, मचा हड़कंप, बाकी जिलों में बढ़े केस
सिरसा में अब कोरोना के 34 एक्टिव केस हो गए हैं। वहीं फतेहाबाद में भी दो कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। भिवानी में दो केस मिले हैं। तो बहादुरगढ़ में चार पॉजिटिव केस मिले हैं।
सिरसा/हिसार, जेएनएन। सिरसा में कोरोना बम फूटा है। एक साथ 28 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। एक साथ इतने कोरोना पॉजिटिव मिलने से जिले में हड़कंप मच गया है। अब तक जहां सिरसा में कोरोना केसों को लेकर स्थिति सामान्य चली आ रही थी, वहीं एक दम से सब कुछ असमान्य हो गया। प्रशासन अब इस बात को लेकर चिंतित है कि कहीं कोरोना की चेन न बन जाए। अब सिरसा में 34 केस हो गए हैं। पहले छह एक्टिव केस थे। नौ लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। जिले में अब तक 43 केस सामने आ चुके हैं।
पॉजिटिव मिले मरीजों में से 15 लोग मुंबई से लौटे थे। एक गुरुग्राम से लौटा है तो वहीं सीएचसी बढ़ागुड़ा में एक दंत चिकित्सक सहायक भी पॉजिटिव है। ये एमसी कॉलोनी निवासी है। एक कोटली गांव से है, खुराना अस्पताल का एक कर्मी संक्रमित मिला है। वहीं एक हैदराबाद से पटियाला से लौटे दो लोग संक्रमित मिले हैं। कोर्ट कॉम्प्लेक्स डबवाली के प्रेम नगर में पति पत्नी संक्रमित मिले हैं। सिरसा जेल में एक कांस्टेबल पॉजिटिव मिला है तो चार कैदी भी संक्रमित मिले हैं। इनमें से दो जेल में है तो दो को पैराेल मिल चुकी है।
फतेहाबाद में मिले दो कोरोना पाॅजिटिव
फतेहाबाद जिले में दूसरे दिन भी कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। जाखल रेलवे स्टेशन इंस्पेक्टर कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। दस दिन पहले दिल्ली गए थे। ये दिल्ली से तीन दिन पूर्व ही लौटे थे। वहीं टोहाना में गुजरात से लौटे परिवार में एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। तीन बच्चे व उसकी पत्नी की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।
बहादुरगढ़ में मिले चार कोरोना केस
गुरुग्राम स्थित कंपनी में नौकरी करने वाले बहादुरगढ़ के कोरोना संक्रमित इंजीनियर के 4 परिजन पॉजिटिव मिले हैं। दो दिन पहले युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसके बाद उसके परिजनों के सैंपल लिए गए थे। युवक का इलाज PGIMS रोहतक में चल रहा है। अब परिजनों को भी PGIMS रोहतक भेजा गया है। चारों लोग विकास नगर के रहने वाले हैं।
भिवानी में मिले सात कोरोना पॉजिटिव केस
भिवानी में आज सात कोरोना पाॅजिटिव मिले हैं। इसमें से तीन मामले नाथूवास गांव एक तिगडाना व एक नागरिक अस्पताल से है। एक हेयर सेलून संचालक के अलावा अन्य की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब तक भिवानी में 34 कोरोना पॉजीटिव केस आ चुके हैं। वहीं एक्टिव केस 28 हैं।
चरखी दादरी में भी मिले सात कोरोना पॉजिटिव
चरखी दादरी : दादरी जिले में एक बार फिर कोरोना बम फूटा। सोमवार को कोरोना के 7 नए पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें से तीन लोग गांव चांगरोड व एक व्यक्ति गांव सांवड़ निवासी कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए थे। एक मामला गांव ढाणी फौगाट, एक मामला गांव छपार तथा एक मामला गांव घीकाड़ा में मिला है। गांव घीकाड़ा में पहले पाए गए कोरोना संक्रमित युवक की तीसरी रिपोर्ट पोजिटिव आई है। सोमवार को एक साथ 8 रिपोर्ट पॉजिटिव आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप का माहौल बन गया है। अब जिले में कोरोना के 17 सक्रिय पॉजिटिव मामले हैं। डिप्टी सीएमओ डा. चंचल तोमर ने की मामलों की पुष्टि की है।