Corona vaccination in Hisar: हिसार में तीन दिन से वैक्सीन का टोटा, स्वास्थ्य केंद्रो के चक्कर लगा रहे लोग
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार एक-दो दिन में वैक्सीन पहुंचेगी। इसके बाद वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाएगा। हालांकि विभाग के पास दूसरी डोज का स्टॉक उपलब्ध है। वैक्सीन आने पर सर्वप्रथम अध्यापकों और विद्यार्थियों को ही वैक्सीन लगाई जाएगी।
जागरण संवाददाता, हिसार। हिसार में पिछले तीन दिन से वैक्सीन का टोटा है। इसके चलते वैक्सीनेशन नहीं हो पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लगातार वैक्सीन की डिमांड कर रहे हैं। लेकिन इसके बावजूद वैक्सीन नहीं पहुंची है। जिसके चलते वैक्सीन लगवाने के लिए लोग लगातार स्वास्थ्य केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार एक-दो दिन में वैक्सीन पहुंचेगी। इसके बाद वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाएगा। हालांकि विभाग के पास दूसरी डोज का स्टॉक उपलब्ध है। शनिवार को टीबी अस्पताल में दूसरी डोज लगाई गई है। गौरतलब है अब 18 से अधिक आयु वर्ग में वैक्सीन लग रही है।
सर्वप्रथम अध्यापकों और विद्यार्थियों को वैक्सीन लगेगी
हिसार जिले में वैक्सीन आने पर सर्वप्रथम अध्यापकों और विद्यार्थियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। क्योंकि स्कूलों में अब कक्षाएं लगनी शुरू हो गई है और एग्जाम भी होने वाले है। जिसके चलते सर्वप्रथम स्कूलों के अध्यापकों और विद्यार्थियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि इनके साथ उन हेल्थ कर्मचारियों को भी वैक्सीन लगाई जाएगी, जिन्होंने अब तक वैक्सीन नहीं लगवाई। उपरोक्त लोगों को वैक्सीन लगने के बाद ही आम लोगों के लिए वैक्सीनेशन मेगा कैंप लगाए जाएंगे।
19 जनवरी से शुरू हुई था वैक्सीनेशन अभियान
गौरतलब है कि जिले में 19 जनवरी से वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया गया था। सर्वप्रथम स्वास्थ्य कर्मचारियों को ही वैक्सीन लगाने का टारगेट दिया गया था। लेकिन अब तक सभी हैल्थ कर्मचारियों को वैक्सीन नहीं लगाई गई है। जिसके चलते विभाग ने अब सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को जल्द से जल्द वैक्सीन लगवाने के आदेश दिए हैं। जिले में पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मचारियों को वैक्सीन लगने के बाद दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्कर को वैक्सीन लगाई गई थी।
छठे चरण में 18 से 44 आयुवर्ग को लग रही वैक्सीन
इसके बाद तीसरे चरण में 60 से अधिक आयु वर्ग में वैक्सीन लगाई गई थी। चौथे चरण में 45 से अधिक आयु के गंभीर मरीजों को वैक्सीन लगानी शुरू की गई। इसके बाद पांचवें चरण में इसी वर्ग में सभी लोगों को वैक्सीन लगाई गई। छठें चरण में 18 से 44 आयु वर्ग में वैक्सीनेशन शुरू किया गया।
हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें