कोरोना पॉजिटिव किसान नेता जोगेंद्र उगराहा को अस्पताल से मिली छुट्टी, एक सप्ताह रहेंगे क्वारंटाइन
17 मार्च को जोगिंद्र सिंह उगराहा को फेफड़ों में इंफेक्शन की शिकायत के बाद चेकअप के लिए अस्पताल ले जाया गया था। वहां पर उनका कोरोना टेस्ट किया गया जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। अब उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया है।
बहादुरगढ़, जेएनएन। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहा के प्रदेश अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह उगराहा को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। एक सप्ताह क्वारंटाइन रहेंगे। उन्होंने ट्वीट करके जानकारी दी है। उन्होंने लिखा है कि कोई भी किसान, मीडिया बंधु व अन्य लोग मुझसे भौतिक रूप से संपर्क न करें। चिकित्सकों ने परहेज दिया है। इसे निभाने में सहयोग करें। जल्द ही स्वस्थ होकर किसानों के बीच आने का आश्वासन दिया। जोगेंद्र सिंह कुछ दिन पहले ही कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। कुछ दिन अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। अब अस्पताल से छुट्टी हो गयी तो घर मे ही एकांत में रहने का फैसला लिया है।
17 मार्च को जोगेंद्र सिंह उगराहा को फेफड़ों में इंफेक्शन की शिकायत के बाद चेकअप के लिए अस्पताल ले जाया गया था। वहां पर उनका कोरोना टेस्ट किया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इधर, उनके संगठन के प्रदेश महामंत्री सुखदेव सिंह कोकरी कलां ने यूनियन के फेसबुक पेज पर जोगेंद्र सिंह उगराहा के कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना दी।
यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष जसविंदर सिंह लोंगोवाल ने बताया कि वे पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए 12 मार्च को यहां से गए थे। संगठन पदाधिकारियों का कहना है कि जोगेंद्र सिंह को ज्यादा परेशानी नहीं है। वे जल्द ही आंदोलन में लौटेंगे। बता दें कि भारतीय किसान यूनियन एकता (उगराहा) के प्रमुख जोगिंद्र सिंह उगराहा का संबंध पंजाब के संगरूर जिले के शहर सुनाम से है। भारतीय सेना से सेवामुक्त होने के बाद वर्ष 2002 में संगठन खड़ा किया था। वहीं टीकरी बॉर्डर पर आंदोलनकारी कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लगवाने को तैयार नहीं है। जबकि किसान कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। वहीं सैंपलिंग को लेकर किसानों का रुख अब नरम हो रहा है।