फतेहाबाद में कोरोना ब्लास्ट, रिकॉर्ड कोरोना से 12 की मौत, 320 नए केस आए
फतेहाबाद में कोरोना की रफ्तार बेकाबू है। शुक्रवार को 12 लोगों की मौत हो गई। यह कोरोना से मौत का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। वहीं भाजपा जिला प्रधान भी हुए कोरोना पॉजिटिव। हलवाई एसोसिएशन ने बैठक कर लिया निर्णय बिना मास्क वालों को नहीं दी जाएगी मिठाई।
फतेहाबाद, जेएनएन। फतेहाबाद में कोरोना की रफ्तार रूकने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को जिले में रिकॉर्ड 12 लोगों की मौत कोरोना से हुई है। इनमें से सात ऐसे लोग हैं जिन्होंने नागरिक अस्पताल में दम तोड़ा है। इनमें से दो मरीज ऐसे है जिनकों एक दिन पहले ही निजी अस्पताल से सरकारी अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। मरीजों के स्वजनों का आरोप है कि सरकारी अस्पताल में इलाज ठीक तरह से न मिलने के कारण मरीज दम तोड़ रहे है। वहीं अस्पताल प्रबंधक का कहना है कि यहां पर जो मरीज आ रहे है उनकी हालत खराब होती है। जिले में वीरवार को भी 9 लोगों ने दम तोड़ा था।
एक दिन पहले ही फतेहाबाद विधायक की पत्नी कोरोना पॉजिटिव हुई थी। लेकिन शुक्रवार को विधायक की रिपोर्ट तो नेगेटिव आई है लेकिन उनकी बेटी पॉजिटिव है। ऐसे में विधायक ने अपने पूरे परिवार को होम आइसोलेट कर लिया है। इसके अलावा भाजपा जिला प्रधान भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। वहींं एसबीआइ बैंक की मुख्य ब्रांच का भी गार्ड भी कोरोना पॉजिटिव हो गया है। ऐसे में ब्रांच को आगामी आदेश तक बंद कर दिया गया है। शुक्रवार को सभी के सैंपल भी लिए गए। जिले में शुक्रवार को कोरोना के 320 केस भी आए है जो सबको हैरान करने वाले है। लेकिन राहत ये रही कि 257 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है।
जिले में एक्टिव केस 2186
जिले में मौत का आंकड़ा 208 हो गया है। इसके अलावा अब तक जिले में 9340 मरीज मिल चुके हैं तो ठीक होने वालों का आंकड़ा 6946 हो गया है। वहीं जिले में अब एक्टिव केस की संख्या 2186 हो गई है। शहर में हलवाई एसोसिएशन ने फैसला लिया है कि अगर कोई बिना मास्क मिठाई खरीदने के लिए आता है तो उसे मिठाई नहीं दी जाएगी।
जिले में यहां हुई मौत
1. सालमखेड़ा निवासी 45 वर्षीय व्यक्ति ने नागरिक अस्पताल में तोड़ा दम।
2. डांगरा निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग ने टोहाना के सरकारी अस्पताल में तोड़ा दम।
3. ढाणी बिजालांबा निवासी 57 साल के बुजुर्ग ने सरकारी अस्पताल फतेहाबाद में तोड़ा दम।
4. टोहाना निवासी 53 वर्षीय महिला ने हिसार के निजी अस्पताल में तोड़ा दम।
5. बीघड़ निवासी 55 साल की महिला ने सरकारी अस्पताल में तोड़ा दम।
6. खाबड़ा कलां निवासी 54 वर्षीय महिला ने अग्रोहा मेडिकल कालेज में तोड़ा दम।
7. रत्ताखेड़ा निवासी 36 वर्षीय व्यक्ति ने हिसार के निजी अस्पताल में तोड़ा दम।
8. भूना निवासी 55 वर्षीय बुजुर्ग ने अग्रोहा मेडिकल कालेज में तोड़ा दम।
9. हिजरावां निवासी 55 वर्षीय महिला ने फतेहाबाद के सरकारी अस्पताल में तोड़ा दम।
10. अंकावाली निवासी 60 वर्षीय महिला ने सरकारी अस्पताल में तोड़ा दम।
11. ढाणी गोपाल निवासी 60 वर्षीय महिला ने सरकारी अस्पताल में तोड़ा दम।
12. इंदाछोई निवासी 70 साल की महिला ने टोहाना में तोड़ा दम।
जिले में अब जानें बेड़ों की संख्या व कितने हैं खाली
बेड प्रकार कुल भरे हुए खाली
सामान्य बेड 48 8 40
ऑक्सीजन बेड 104 74 30
आईसीयू 35 23 12
वेंटिलेटर 28 17 11
अब जाने शुक्रवार को कहां कितने मरीज मिले
खंड मरीज मिले मौत स्वस्थ हुए
फतेहाबाद 71 0 91
टोहाना 46 1 27
रतिया शहरी 15 0 9
रतिया ग्रामीण 34 3 28
भट्टूकलां 55 1 53
बड़ोपल 14 2 4
भूना 63 2 30
जाखल 22 3 14
कुल 320 12 257
नियमों का पालन करें लोगः डॉ. हनुमान
डिप्टी सिविल सर्जन डा. हनुमान सिंह ने बताया कि जिले में कोरोना से 12 लोगों की मौत हुई है तो 320 नए केस भी आए हैं। ऐसे में सभी से अपील है कि नियमों का पालन करें। अब दो दिन लॉकडाउन है तो ऐसे में लोग घर पर रहे ताकि इस संक्रमण की रफ्तार को कम किया जाए।
हिसार की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें