सिरसा में कांग्रेस नेता बजरंग गर्ग बोले, हरियाणा सरकार पूरी तरह से सुस्त और अपराधी चुस्त
सिरसा में कांग्रेस नेता बजरंग गर्ग ने कहा कि इस सरकार शराब खनन धान रजिस्ट्री सरसों आदि घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं। यहां तक की खनन माफिया के कारण डाडम व नांगल चौधरी आदि जगहों पर अनेकों मजदूरों की पहाड़ों के नीचे दबकर मौतें हो चुकी है।
सिरसा, जागरण संवाददाता। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता और सिरसा जिला प्रभारी बजरंग गर्ग ने कांग्रेस पार्टी के नेताओं से बातचीत करने के उपरांत पत्रकार वार्ता में कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और प्रदेश में हर रोज व्यापारी व आम जनता के साथ लूटपाट, फिरौती, अपरहण, हत्याएं व चोरियों की वारदातें हो रही है। इस राज में बहन, बेटियां तक सुरक्षित नहीं है। अपराधी प्रदेश में चुस्त है और सरकार पूरी तरह सुस्त है, जिसके कारण अपराधियों के दिन-प्रतिदिन हौसले बुलंद है।
पंजाब के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी भारी बहुमत से विजय प्राप्त करेगी - बजरंग गर्ग
गर्ग ने कहा कि हरियाणा आज के दिन अपराध, बेरोजगारी, महंगाई आदि में अव्वल स्थान पर है। इस सरकार शराब, खनन, धान, रजिस्ट्री, सरसों आदि घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं। यहां तक की खनन माफिया के कारण डाडम व नांगल चौधरी आदि जगहों पर अनेकों मजदूरों की पहाड़ों के नीचे दबकर मौतें हो चुकी है। जबकि प्रदेश में अर्थव्यवस्था भी पूरी तरह से चरमराई हुई है। सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में व्यापार व उद्योग ठप्प होते जा रहे हैं और ना ही कोई नए उद्योग प्रदेश में स्थापित हो रहे हैं, जिसके कारण लगातार बेरोजगारी प्रदेश में बढ़ रही है। उच्च शिक्षा प्राप्त युवा पी एन तक की नौकरियों के लिए धक्के खा रहे हैं जबकि इस सरकार में नौकरियों में आए दिन घोटाले पर घोटाले सामने आ रहे हैं। यहां तक कि प्रदेश में सरकारी स्कूल व हॉस्पिटलों में मूलभूत सुविधा तक नहीं है। स्कूलों व हॉस्पिटलों में टीचर, डॉक्टर व स्टाफ की 50 प्रतिशत से ज्यादा कमी होने के कारण जनता को ना अच्छी चिकित्सा और ना ही बच्चों को शिक्षा मिल रही है।
हरियाणा में आम जनता को कांग्रेस पार्टी के साथ जोड़ने के लिए प्रदेश भर में सदस्यता अभियान चलाया गया है - बजरंग गर्ग
बजरंग गर्ग ने कहा कि पंजाब विधानसभा के चुनाव में सिरसा जिले के पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी और पंजाब में भारी बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनेगी। हरियाणा की जनता को कांग्रेस पार्टी के साथ जोड़ने के लिए प्रदेश भर में राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व प्रदेश अध्यक्ष बहन कुमारी शैलजा जी के नेतृत्व में सदस्यता अभियान पार्टी की तरफ से चलाया हुआ है ताकि कांग्रेस पार्टी को ब्लॉक, ग्रामीण, मंडी व शहरों में पहले से ज्यादा मजबूत बनाई जा सके। कांग्रेस पार्टी किसान, कर्मचारी, मजदूर, व्यापारी व आम जनता के हित की पार्टी है जिसने हमेशा ही जनता की लड़ाई लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा के साथ-साथ सड़कों पर लड़ रही है। इस मौके पर पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, जिला कोऑर्डिनेटर सुभाष जोधपुरिया, नवीन केडिया, राजेश शर्मा, कुलदीप गगराना, बूटा सिंह, पाला सिंह कंबोज, मलकीत सिंह, जिला पार्षद रंधावा, हनुमान जुतीर, प्रो लिम्बा, आदराम सुथार, बलविन्द्र संरपच, वेद सैनी, भूपेन्द्र महेत्ता, सुनीता महेत्ता, शिव कुमार परीक, राजेश चाडीवाल, भलकीत सिंह रंधावा, मोहित पुतीर, राजू रमाना, विजय शर्मा, हरविन्द्र सिंह आदि प्रतिनिधी भारी संख्या में मौजूद थे।