मिर्च की धांस आई और सड़क पर गड्ढे में गिरे तो भी दर्ज करनी होगी FIR : सीएम मनोहर
हिसार में तेलियान पुल पर मुख्यमंत्री ने किया जनसभा को संबोधित। कहा हरियाणा अपराध में नहीं बढ़ा अब एफआइआर दर्ज होती हैं उनकी संख्या बढ़ी
हिसार, जेएनएन। हिसार में भाजपा प्रत्याशी के प्रचार के लिए मुख्यमंत्री मनोहर ने जनसभा के दौरान लोगों का मन मोह लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर आप किसी सड़क से गुजर रहे हैं, आपको मिर्च की धांस आ जाए और आप पुलिस को शिकायत करें, तब भी पुलिस को एफआइआर दर्ज करनी होगी। इसी तरह अगर सड़क पर गड्ढ़ा होने से आप गिर जाएं और आपको चोट लग जाए, तब भी आप थाने में नगर निगम अधिकारियों की शिकायत कर सकते हैं। पुलिस को यह एफआइआर भी दर्ज करनी होगी। मुख्यमंत्री की इस बात पर लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में अब लोगों की शिकायतें सुनी जाती हैं इसलिए थानों में एफआइआर दर्ज होनी लगी हैं। मगर हमारे विपक्ष के साथी कहते हैं हरियाणा में अपराध बढ़ रहा है। यहां अपराध नहीं बढ़ रहा एफआइआर दर्ज अब होने लगी हैं। पहले की सरकारों में एफआइआर दर्ज नहीं होती थी, लोगों को नेताओं के चक्कर काटने पड़ते थे, तब जाकर पुलिस एफआइआर लिखती थी। मगर अब ऐसा नहीं है। अब आप ऑनलाइन भी देख सकते हो पुलिस ने एफआइआर दर्ज की भी है या नहीं।
सुरजेवाला से सबक ले कांग्रेस प्रत्याशी
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला पर जमकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दायां हाथ सुरजेवाला सीएम बनने का सपना लेकर जींद चुनाव लडऩे आए थे, मगर उनकी जमानत जब्त होने से बची थी। ऐसा ही हाल अब होगा। भाजपा के पक्ष में पूरे हरियाणा में माहौल है।