बारिश और ओलावृष्टि के बाद गुरुवार को खिली धूप, कम भीगी फसलों के सूखने से मिलेगी राहत
कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खिचड़ के अनुसार वीरवार को प्रदेश में उत्तरी हरियाणा में बूंदाबांदी की संभावना है। शेष हरियाणा में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।
हिसार, जेएनएन। सोमवार, मंगलवार और बुधवार को बिगड़े मौसम के मिजाज के बाद गुरुवार को मौसम साफ हो गया। बुधवार को प्रदेश भर में बारिश और कई जगहों पर ओलावृष्टि के बाद गुरुवार को अलसुबह धूप निकल आई और आसमान साफ हो गया। ऐसे में किसानों ने राहत की सांस ली है। जिन जगहों पर पानी ज्यादा भर गया वहां तो नुकसान होगा ही मगर जिन जगहों पर हल्की बारिश हुई वहां धूप निकलने से फसलों को कम नुकसान होगा। साथ ही मंडियों में भी भीगी हुई गेहूं भी सूख सकती है।
हिसार में बुधवार को चार एमएम बारिश हुई तो वहीं अधिकतम तापमान 28.3 और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गुरुवार को धूप निकलने से अधिकतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 29 डिग्री तो वहीं न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले प्रदेश में बुधवार को कई स्थानों पर आंधी-बारिश व ओलावृष्टि ने किसानों के अरमानों पर भी पानी फेर दिया। मंडियों में खुले में रखी गई गेहूं की बोरियां बारिश में भीगीं तो खेतों में खड़ी फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा। कैथल जिले में तेज आंधी के बाद हुई ओलावृष्टि के कारण गेहूं की फसल तबाह हो गई। उधर, जींद में भी बारिश हुई। जबकि उचाना में बारिश का पानी गेहूं की बोरियों में घुस गया। करनाल मेंं अलसुबह हुई बंदाबांदी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और पानीपत में भी हल्की बारिश और तेज हवाओं के कारण किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें साफ तौर पर नजर आईं। साइबर सटी गुरुग्राम में पिछले दो दिन से बारिश होने से मौसम बदला हुआ है। बुधवार दोपहर को भी बारिश हुई। देर रात तक बूंदाबांदी होती रही। हिसार में दिनभर बादल छाए रहने के बाद शाम करीब 3 बजे कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। बारिश के साथ आई तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल टूट कर गिर गई। फतेहाबाद, सिरसा, झज्जर, रोहतक, भिवानी, बहादुरगढ़ और चरखी दादरी में भी खासा नुकसान हुआ।
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खिचड़ के अनुसार वीरवार को प्रदेश में उत्तरी हरियाणा में बूंदाबांदी की संभावना है। शेष हरियाणा में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई बहुत अधिक संभावना नहीं है।