सिविल इंजीनियर हत्याकांड का पर्दाफाश, पहले की पार्टी, फिर झगड़ा हुआ तो दो भाइयों ने कर दी हत्या
झज्जर के बहादुरगढ़ में एक फुटवियर कंपनी के सिविल इंजीनियर की हत्या के मामले का पर्दाफाश हो गया है। पुलिस के अनुसार पैसों के लेन-देन में कंपनी के ही दो इलेक्ट्रिशियन भाइयों ने की थी सिविल इंजीनियर की हत्या।
झज्जर, जेएनएन। बहादुरगढ़ की फुटवियर कंपनी के एक सिविल इंजीनियर विजय लौहान की किराये के फ्लैट में तेजधार हथियार से हत्या करने के मामले में खुलासा हो गया है। कंपनी में ही कार्यरत दो सगे भाइयों ने इस वारदात को अंजाम दिया था। दोनों यहां पर इलेक्ट्रिशियन थे। पैसों के लेन-देन में यह हत्या की गई। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बुधवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।
नारनौंद के वार्ड छह के मूल निवासी विजय लौहान का सोमवार को लहूलुहान हालत में शव मिला। पोस्टमार्टम में सिर की हड्डी भी कटी मिली। रविवार की रात हत्या की गई थी। विजय के साथ पार्टी करने आए कंपनी के इलेक्ट्रिशियन अजीज खान और नफीज खान ने यह हत्या की थी। दोनों सगे भाई हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा के गांव खजुआपुरा के रहने वाले हैं। ये भी करीब आठ साल से विजय के साथ कंपनी में काम करते थे।
कमेटी के पैसे पर हुई तकरार
सेक्टर-6 थाना के जांच अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि विजय के पास दोनों आरोपित भाईयों ने कमेटी डाल रखी थी। उसे छुड़वाने को लेकर ही उनके बीच झगड़ा हुआ था। इस पर पहले से तकरार चल रही थी। इसीलिए रविवार की रात दोनों भाई अपने साथ दरात लेकर पहुंचे थे। पहले पार्टी की गई। इस बीच पैसे की बात उठी तो फिर से झगड़ा हुआ। इसमें दोनों भाईयों ने विजय पर हमला कर दिया।
पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव
एचएसआइआइडीसी के प्लाट नंबर 88 में चल रही फुटवियर कंपनी में विजय लौहान बतौर सिविल इंजीनियर कार्यरत थे। यहां पर लगभग नौ साल बीत गए थे। ओमेक्स अपार्टमेंट के ईडब्ल्यूएस फ्लैट में किराये पर रहते थे। मृतक विजय के चाचा सज्जन सिंह की शिकायत पर केस दर्ज हुआ है। मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंपा। इसके बाद वे नारनौंद की ओर निकले। कहां तो विजय की शादी की तैयारी चल रही थी और कहां कंपनी के सहकर्मियों ने पैसों के लेनदेन में उसे मौत की नींद सुला दिया।
दोनों आरोपित भाइयों ने पूछताछ में वारदात का खुलासा कर दिया है। उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
-प्रवीण कुमार, एसएचओ, सेक्टर-6 थाना