सिरसा में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास के आगे धरना देने वाले किसानों पर दर्ज हुआ मामला
उपमुख्मयंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास के आगे धरना देने वाले किसानों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। किसान नेता लखविंद्र सिंह गुरप्रीत सिंह सहित 50 अन्यों के खिलाफ बेरिकेड्स तोड़ने सार्वजनिक रास्ता जाम करने ध्वनि प्रदूषण व अन्य धाराओं के तहत थाना में मामला दर्ज किया गया है।
सिरसा, जेएनएन। सिरसा में बीती 29 मार्च को होली वाले दिन उपमुख्मयंत्री दुष्यंत चौटाला के आवास के आगे धरना देने वाले किसानों के खिलाफ सिविल लाइन थाना में मामला दर्ज किया गया है। किसान नेता लखविंद्र सिंह, गुरप्रीत सिंह सहित 50 अन्यों के खिलाफ बेरिकेड्स तोड़ने, सार्वजनिक रास्ता जाम करने, ध्वनि प्रदूषण व अन्य धाराओं के तहत सिविल लाइन थाना में मामला दर्ज किया गया है। हुडा पुलिस चौकी प्रभारी एएसआइ सत्यनारायण की शिकायत पर सिविल लाइन थाना में मामला दर्ज किया गया है।
----होली पर्व पर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सिरसा स्थित चौटाला हाऊस आवास में थे। इस दौरान चौटाला हाऊस के आगे टेंट लगाया गया था तथा वर्करों को त्योहार पर लड्डू बांटे जा रहे थे। दोपहर दो बजे के करीब कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों ने उपमुख्यमंत्री आवास के आगे पहुंच कर नारेबाजी की। किसानों ने चौटाला हाऊस के आगे लगे टेंट व लड्डू बांटने का विरोध जताया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस के साथ नोकझोंक हुई। डीएसपी आर्यन चौधरी की भी प्रदर्शनकारियों से नोकझोंक हुई। बाद में प्रदर्शनकारी किसानों ने चौटाला हाऊस की तरफ जाने वाले रास्ते पर एकत्रित होकर धरना दे दिया। शाम तक किसान वहीं बैठे रहे।
-----उपमुख्यमंत्री की वापसी के दौरान भी की थी नारेबाजी
होली वाले दिन शाम को जब उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए तो पक्का मोर्चा से जुड़े किसान संगठन के किसानों ने पुलिस लाइन के आगे एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। किसानों ने उपमुख्यमंत्री को काले झंड़े दिखाए। इससे पहले किसानों ने भाजपा नेताओं द्वारा पंजाब सरकार का पुतला फूंकने का भी विरोध किया था।