हिसार कैंट में अपने क्वार्टर में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर झूलता मिला सैनिक का शव
सैनिकों के क्वार्टर में संदिग्ध परिस्थितियों में एक सैनिक का शव उसके क्वार्टर में लुंगी के सहारे पंखे से लटका मिला। सदर थाना पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर मामले की प्रारंभिक जांच की। इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया।
हिसार, जेएनएन। हिसार कैंट में गेट नंबर तीन के नजदीक बने सैनिकों के क्वार्टर नंबर चार में मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक सैनिक का शव उसके क्वार्टर में लुंगी के सहारे पंखे से लटका मिला। सदर थाना पुलिस ने सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचकर मामले की प्रारंभिक जांच की। इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। जहां मृतक के स्वजनों के आने पर बुधवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
सदर थाना पुलिस से जांचकर्ता एएसआई रामसिंह ने बताया की मुख्यत: बिहार के छपरा जिले के सोनपुर तहसील के गांव हरना निवासी 32 वर्षीय संतोष कुमार हिसार कैंट में 1091/109 एलटी एडी रेजीमेंट में नायब के पद पर पिछले 13 वर्षों से कार्यरत था। वह मंगलवार सुबह अपने क्वार्टर में लगे पंंखे पर फंदे से लटका मिला। हालांकि उसकी मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। रामसिंह ने बताया कि संतोष अपने क्वार्टर में पत्नी व बच्चों से अलग एक अन्य कमरे में सोया हुआ था। उसकी पत्नी बबीता सुबह 8 बजे उठकर जब उसके कमरे में पहुंची तो संतोष को कमरे में लगे पंखे पर फंदे से लटका पाया।
मृतक की पत्नी बबीता ने दरवाजा खोलने की कोशिश की। लेकिन कमरे के दरवाजे की कुंडी बंद मिली। इस पर बबीता ने सामने वाले क्वार्टर में रह रही महिला को इसकी जानकारी दी। इसके बाद निचले क्वार्टर में रह रहे कार्तिक को सूचित किया गया। कार्तिक ने छत से होते हुए रोशनदान से कमरे में झांका तो उसे संतोष पंखे से लटका दिखा।
उसने दरवाजे को खोलने की कोशिश की। लेकिन कमरे की कुंडी अंदर से बंद थी, कार्तिक ने दरवाजे को बार-बार धक्का दिया तो कुंडी खुलने से दरवाजा खुल गया। इसके बाद मृतक की पत्नी ने उच्च अधिकारियों को इसकी सूचना दी। उच्चाधिकारियों द्वारा मृतक को फंदे से उताकर मिलिट्री अस्पताल भिजवाया गया। यहां सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लिया। रामसिंह ने बताया कि मृतक के गले पर फंदे के निशान मिले है।
बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले मृतक संतोष के छोटे भाई की बीमारी के बाद मौत हो गई थी। जिसके बाद संतोष मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। मृतक संतोष पिछले 13 वर्षों से सेना में कार्यरत था। संतोष अपनी पत्नी बबीता कुमारी तथा 6 वर्षीय व 4 वर्षीय दो बेटों के साथ कैंट में बने क्वार्टर में रह रहा था। वहीं मृतक का बड़ा भाई पिंटू श्रीनगर में सेना में कार्यरत है। पुलिस व सेनाकर्मियों द्वारा उसको उसके भाई की मौत की सूचना दी गई है। मृतक के भाई के बयान पर पुलिस मामले में आगामी कारवाई करेगी।
इंस्पेक्टर मनोज, सदर थाना, हिसार।