फतेहाबाद से गांव जाने के लिए कार में सवार हुआ परिवार, रास्ते में आ गई मौत
फतेहाबाद में में दो सड़क हादसों में दो महिलाओं की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। दो कारों की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई। दूसरे हादसे में गर्भवती महिला की मौत हो गई।
फतेहाबाद, जेएनएन। फतेहाबाद में रविवार दोपहर को हांसपुर रोड फोरलेन पर दो कारों की भीषण टक्कर हो गई। जिसमें एक समाचार पत्र में काम करने वाले पत्रकार का पूरा परिवार घायल हो गया। इस हादसे में दोनों कारों में सवार 10 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। इनमें से उपचार के दौरान पत्रकार की पत्नी की मौत हो गई। वहीं सभी घायल 9 लोगों को हिसार के लिए रेफर कर दिया है। वहीं दूसरे सड़क हादसे में 9 माह की गर्भवती महिला की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ढाणी ईशर निवासी व फतेहाबाद शहर में रह रहे पत्रकार रामकुमार भारती, उसकी 54 वर्षीय पत्नी कमलेश, बेटी राजबाला व बेटा मोनू रविवार को फतेहाबाद से अपने गांव ईशर जाने के लिए रिट्ज कार में सवार हो गए। दोपहर 12 बजे जैसे ही हांसपुर रोड से फोरलेन को पार कर रहे थे तो इसी दौरान हिसार से तेज गति से आ रही डिजायर गाड़ी से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कार में सवार 10 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
शहर के डीसी कालोनी निवासी रामकुमार भारती, उसकी पत्नी कमलेश, बेटा मोनू व बेटी राजबाला गंभीर रूप से घायल हो गए। वही दूसरी कार में सवार जींद निवासी कुलदीप उसकी पत्नी मंजू, बेटी अलका, साली अंजू, बेटा हिंमाशु व अमन घायल हो गये। घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची। अस्पताल में भर्ती करवाया। उपचार के दौरान पत्रकार रामकुमार की पत्नी कमलेश की मौत हो गई। वही सभी 9 लोगों को हिसार रेफर कर दिया। जींद निवासी पूरा परिवार अपने रिश्तेदार के साथ सिरसा जा रहे थे और यह सड़क हादसा हो गया।
दूसरे हादसे में नौ महीने की गर्भवती महिला की मौत
वही रविवार दोपहर 1 बजे गांव जांडली के पास एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार दंपती घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां नौ महीने की गर्भवती महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार भूना निवासी 25 वर्षीय अजय कुमार व उसकी 22 वर्षीय पत्नी ज्योति फतेहाबाद शहर की तरफ आ रहे थे। घायल अजय ने बताया कि उसकी पत्नी 9 महीने की गर्भवती महिला और उसका अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए फतेहाबाद आ रहा था। जांडली के पास उसने पेट्रोल पंप से तेल डलवाया और जैसे ही सड़क पर आया तो पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार दंपती घायल हो गया। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया जहां ज्योति ने दम तोड़ दिया।
हिसार और आस-पास के जिलों की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें