भाभी और उसके प्रेमी ने रची थी किसान की हत्या की साजिश, पंजाब से लाकर बहादुरगढ़ आंदोलन स्थल पर मारा
किसान हाकम सिंह की हत्या के मामले में खुलासा हो गया है। उसकी हत्या के पीछे खुद उसकी भाभी की साजिश थी। उसने अपने प्रेमी से मिलकर देवर हाकम सिंह को ठिकाने लगवाया और खुद इस मामले में मुदई बन गई लेकिन अब पूरा मामला खुल गया।
बहादुरगढ़, जेएनएन। पंजाब के बठिंडा जिले के किसान हाकम सिंह की हत्या के मामले में खुलासा हो गया है। उसकी हत्या के पीछे खुद उसकी भाभी की साजिश थी। उसने अपने प्रेमी से मिलकर देवर हाकम सिंह को ठिकाने लगवाया और खुद इस मामले में मुदई बन गई, लेकिन अब पूरा मामला खुल गया। प्रेमी को तो पुलिस ने काबू कर लिया है। जबकि मृतक की भाभी की जल्द गिरफ्तारी का पुलिस ने दावा किया है। आरोपित का नाम कुलवंत है। वह पंजाब के माेगा जिले के गांव लोपो का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि मृतक हाकम सिंह बठिंडा जिले के रामपुरा क्षेत्र के पत्ती गुद्दू का रहने वाला था। वह 25 मार्च को घर से आंदोलन में आया था। उसी दिन शाम को बहादुरगढ़ बाईपास से करीब आधा किमी दूर खेतों में उसका खून से लथपथ शव मिला था। उसका गला रेत दिया गया था। इस मामले में अब कुलवंत को काबू किया गया है।
एसआइटी ने सुलझाया मामला
इस मामले को सुलझाने के लिए पुलिस अधीक्षक राजेश दुग्गल की ओर से एसआइटी का गठन किया गया था। इसमें शहर थाना प्रभारी विजय कुमार, सीआइए-प्रथम प्रभारी रवींद्र कुमार, सेक्टर-9 चौकी प्रभारी पवन कुमार और साइबर सैल प्रभारी सुनील कुमार को शामिल किया गया था। पुलिस ने बारीकी जांच से पूरे मामले का खुलासा कर दिया। कुलवंत को रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
यह थी वजह
पुलिस ने बताया कि हाकम सिंह की हत्या में उसकी भाभी कर्मजीत कौर की ही साजिश मिली। आरोपित कुलवंत और कर्मजीत कौर के बीच काफी समय से अवैध संबंध हैं। कुलवंत ट्रक ड्राइवर रहा है। उसी सिलसिले में आते-जाते समय दोनाें के बीच संबंध बने थे। इधर, हाकम को इसका पता चल गया था। ऐसे में उसे रास्ते से हटाया गया। जब वह पंजाब से यहां आंदोलन में आया तो कुलवंत उसके साथ था। दोनाें बहादुरगढ़ स्टेशन पर ट्रेन से उतरे। आंदोलन स्थल पर पहुंचने से पहले शराब की बोतल ली। पहले से प्लानिंग के चलते हाकम को कुलवंत सुनसान जगह ले गया। वहां पर उसे शराब पिलाई और फिर चाकू से उसका गला रेत दिया। उसकी जेब से पैसे भी निकाल ले गया। वह आंदोलन में ही छिपता रहा। पंजाब भागने की कोशिश में उसे रेलवे स्टेशन पर काबू किया गया। अब पुलिस आरोपित महिला की गिरफ्तारी के लिए जुटी है।