व्रत में कुट्टू का आटे की रोटियां खाते हैं तो हो जाइए सावधान, 50 से अधिक लोगों की सेहत बिगड़ी
त्योहारी सीजन आते ही मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं। नवरात्र के व्रत के बाद कुट्टू के आटा से बनी सामग्री का सेवन किया तो जिले में 50 से अधिक लोगों की तबियत बिगड़ गई। वहीं ऐसे मामले हरियाणा के कई जिलों में सामने आ चुके हैं।
रोहतक, जेएनएन। अगर आप नवरात्र के दिनों में व्रत के दौरान अगर कुट्टू का आटा खाते हैं तो सावधान हो जाइए। क्योंकि अब त्योहारी सीजन आते ही मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं। रोहतक में शनिवार को पहले नवरात्र के व्रत के बाद शाम को कुट्टू आटा से बनी सामग्री का सेवन किया तो जिले में 50 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। एक ही परिवार के कुल 11 सदस्यों समेत अन्य मरीजों को पीजीआइ, निजी अस्पतालों में भर्ती किया गया है। कुछ मरीजों को छुट्टी दी जा चुकी है, जबकि 28 मरीजों का फिलहाल पीजीआइ में उपचार चल रहा है।
नवरात्र के अवसर पर जिले में बड़ी संख्या में लोगों ने व्रत रखा। इस दौरान लोगों ने पहले व्रत की समाप्ति पर कुट्टू आटा से बनी पकौड़ी, परांठा समेत अन्य सामग्री का सेवन किया। पीजीआइ में भर्ती भरत कालोनी, जवाहर नगर, काहनौर निवासी मरीजों ने बताया कि खाना खाने के बाद परिवार ठीक सोया था, लेकिन देर रात करीब एक बजे एक-एक परिवार के सदस्यों की तबीयत खराब होने लगी।
इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया। बताया कि पड़ोस में रहने वाले कई लोगों को निजी अस्पताल में भी भर्ती किया गया है। पीजीआइ के मेडिसिन वार्ड नौ और दस में करीब 28 मरीजों का उपचार किया जा रहा है। जबकि 15 से अधिक लोगों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। वहीं कुट्टू आटा खाने से लोगों की तबियत बिगडऩे के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने शहर में अभियान चलाना शुरू कर दिया।