रोहतक में जानलेवा हमला करने के मामले में रिटायर्ड इंस्पेक्टर समेत पांच के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी, संपत्ति होगी कुर्क
जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे रिटायर्ड इंस्पेक्टर समेत पांच आरोपितों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए गए हैं। पांचों आरोपितों की तहसील से चल-अचल संपत्ति का पता कराया जाएगा। जिसके बाद उसे कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।
रोहतक, जेएनएन। रोहतक के कन्हेली गांव के जोगेंद्र पर हुए जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे रिटायर्ड इंस्पेक्टर समेत पांच आरोपितों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिए गए हैं। पांचों आरोपितों की तहसील से चल-अचल संपत्ति का पता कराया जाएगा। जिसके बाद उसे कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। मामले में छह आरोपित पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।
शिवाजी कालोनी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलवंत सिंह ने बताया कि मार्च माह में कन्हेली गांव के रहने वाले जोगेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि उस पर जानलेवा हमला किया गया है और गाड़ी में तोड़फोड़ कर नकदी भी लूटी गई है। इस मामले में अभी तक छह आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन पांच आरोपित अब भी फरार चल रहे हैं। हमले की साजिश करने वाला रिटायर्ड इंस्पेक्टर वीरपाल पहलवान था।
जिसने बाकी अन्य के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिलाया था। फिलहाल वीरपाल, रिठाल निवासी नवीन नरवाल, सुनारिया कलां निवासी सन्नी, नुकुल और फरमाणा गांव निवासी रिंकू फरार चल रहे हैं। आरोपितों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। अब पांचों आरोपितों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है। तहसील से पांचों आरोपितों की संपत्ति का ब्योरा निकलवाया जाएगा। जिसके बाद उसे कुर्क किया जाएगा। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में शुरूआत में मंजीत उर्फ मोनू, धर्मेंद्र और दीपक को नामजद कराया गया था, लेकिन अभी तक हुई जांच में इन तीनों की कोई भूमिका सामने नहीं आई है।