आर्मी की ओपन भर्ती स्थगित हुई तो आक्रोशित हुए अभ्यर्थी, हिसार कैंट के सामने किया रोड जाम
आर्मी कैंट के सामने सुबह 10 बजे आक्रोशित युवाओं ने दिल्ली राजमार्ग पर जाम लगा दिया।मशक्कत के बाद जाम को पुलिस ने खुलवाया। इस दौराना 20 मिनट तक राजमार्ग पर एक तरफ से मार्ग अवरुद्ध हुआ। आर्मी कैंट में विभिन्न पदों को लेकर ओपन भर्ती काल की गई थी।
जागरण संवाददाता, हिसार। हिसार में आर्मी कैंट के सामने सुबह 10 बजे आक्रोशित युवाओं ने दिल्ली राजमार्ग पर जाम लगा दिया। काफी मशक्कत के बाद जाम को पुलिस ने खुलवाया। इस दौरान 20 मिनट तक राजमार्ग पर एक तरफ से मार्ग अवरुद्ध हुआ। दरअसल हिसार आर्मी कैंट में विभिन्न पदों को लेकर ओपन भर्ती के लिए काल की गई थी। अभ्यर्थियों की मानें तो कोविड के चलते भर्ती को रद किया गया है। ऐसे में भर्ती के लिए प्रदेश में विभिन्न स्थानों से आए युवाओं को जब इस बात का पता चला तो वह हैरान रह गए। आनन फानन में आक्रोशित अभ्यर्थी दिल्ली सिरसा राजमार्ग के बीच में एकत्रित हो गए। यहां सड़क पर बैठकर अभ्यर्थियों ने मार्ग जाम कर दिया।
जाम से लोगों को आई दिक्कत
कैंट निवासियों ने बताया कि जाम लगने के बाद से वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर अभ्यर्थियों को समझाने लगी। 20 मिनट बाद इस जाम को खुलवाया गया। हालांकि इतनी देर तक लोगों को एक तरफ से रुकना ही पड़ा। गौरतलब है कि यह काफी व्यस्तम हाइवे है। जोकि दिल्ली और सिरसा को जोड़ता है। इस हाइवे पर कई जिले पड़ते हैं।
अभ्यर्थियाें में दिखा आक्रोश
अभ्यर्थियों का कहना था कि कोविड के कारण पहले भी लंबे समय से आर्मी में भर्ती नहीं हुई। अब विभिन्न पदों पर ओपन भर्ती कराई जा रही थी तो इसे भी स्थगित कर दिया है। विद्यार्थियों के लिए यह काफी मुश्किल भरा समय है। क्योंकि कोविड के कारण वह तैयारी करने के बावजूद भर्तियों में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। बहरहाल इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।