हिसार में एंबुलेंस के कुचलने से मुनीम की मौत, आज सिविल अस्पताल में हो रहा है पोस्टमार्टम
सेक्टर-14 में किराए पर रहे करीब 45 वर्षीय भागीरथ अनाज मंडी में एक दुकान पर मुनीम का काम करते हैं। अपने घर जा रहे थे। उस दौरान एक तेज रफ्तार प्राइवेट एंबुलेंस आई और और उसे टक्कर मारकर घसीटते हुए काफी दूर तक ले गई।
जागरण संवाददाता, हिसार: अनाज मंडी के पास मंगलवार रात 10 बजे के करीब हुए दर्दनाक हादसे के बाद बुधवार दोपहर सिविल अस्पताल में पुलिस मृतक के स्वजनों के बयान दर्ज कर रही है। जिसके बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। गौरतलब है कि मंगलवार रात अनाज मंडी गेट से सेक्टर 14 की तरफ बाइक पर जा रहे मुनीम को एक तेज रफ्तार एंबुलेंस ने टक्कर मार दी थी और उसे दूर तक घसीटते हुए ले गई थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गंभीर रूप से घायल मुनीम को सिविल अस्पताल भिजवाया था। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-14 में किराए पर रहे करीब 45 वर्षीय भागीरथ अनाज मंडी में एक दुकान पर मुनीम का काम करते हैं। रात करीब 10 बजे भागीरथ अनाज मंडी गेट से सेक्टर 14 में अपने घर जा रहे थे। उस दौरान एक तेज रफ्तार प्राइवेट एंबुलेंस आई और और उसे टक्कर मारकर घसीटते हुए काफी दूर तक ले गई। एंबुलेंस आगे जाकर सिरसा चुंगी के पास जाकर पलट गई और एंबुलेंस चालक मौके से फरार हो गया। वहीं एंबुलेंस थाने लाई गई है। मुनीम रिश्तेदार दीपक और अन्य सदस्य सिविल अस्पताल पहुंचे।
इधर नशे में धुत युवक ने खड़ी गाड़ी में मारी टक्कर
वहीं शहर के विद्युत नगर के गेट के सामने नशे में धुत गाड़ी चालक ने सेक्टर 9 -11 निवासी अंकित की सड़क के साइड में खड़ी गाड़ी में टक्कर मारी दी। हादसा रात 11:30 बजे के करीब हुआ। अंकित ने बताया कि गाड़ी चालक नशे में धुत था। वह अपनी गाड़ी में जैसे ही बैठा तो पीछे से अचानक तेज रफ्तार से आरोपित गाड़ी चालक आया और उसकी खड़ी गाड़ी में जोर से टक्कर मार दी। जिससे उसकी गाड़ी करीब 20 फुट आगे खिसक गई। इस हादसे में आरोपित गाड़ी चालक ही घायल हो गया। दोनों गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गई है। मौके पर डायल 112 और एंबुलेंस को बुलाकर घायल को सिविल अस्पताल भिजवाया गया है।