अभय सिंह चौटाला बोले- हरियाणा में नौकरियां हो रही है नीलाम, भ्रष्टाचार चरम पर, सरकार उदासीन
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश में नौकरियां नीलाम की जा रही हैं और प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। वे रविवार को करीब एक दर्जन गांवों में अपने तीन दिवसीय धन्यवादी दौरे के पहले दिन गांव चाहरवाला में ग्रामीण जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
जागरण संवाददाता, सिरसा। ऐलनाबाद के विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश में नौकरियां नीलाम की जा रही हैं और प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है। वे रविवार को अपने हलके में करीब एक दर्जन गांवों में अपने तीन दिवसीय धन्यवादी दौरे के पहले दिन गांव चाहरवाला में ग्रामीण जनसभा को संबोधित कर रहे थे। चाहरवाला के अलावा गांव माखोसरानी, शक्करमंदौरी, रूपाणा बिश्रोईयां, रुपाणा जाटान, जोगीवाला, रामपुरा बगडिय़ा, कागदाना, कुम्हारिया आदि में भी इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान विधायक अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जब उन्होंने हरियाणा विधानसभा में प्रदेश में फैले भ्रष्टाचार व प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था पर चर्चा करनी चाही तो मुख्यमंत्री अपने अधिकारियों को बचाने में जुटे हुए थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन के चेयरमैन का नौकरियों में धांधली किए जाने में नाम आने के मामले को वे राष्ट्रपति से मिलकर उनके समक्ष उठाएंगे। इस दौरान हरियाणा विधानसभा की कार्रवाई को भी उनके समक्ष रखेंगे और कमीशन को भंगकर अब तक दी गई नौकरियों के मामलों की सीबीआई से जांच भी मांगेंगे। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर जब उन्होंने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव में बात करनी चाही तो उन्हें कहा गया कि उन्हें लिखित में जवाब दिया जाएगा मगर आज तक उन्हें कोई जवाब नहीं दिया गया।
इनेलो विधायक ने कहा कि उनकी जीत किसानों की जीत है। उनकी जीत के साथ ही उन लोगों के मुंह भी बंद हो गए जो कहा करते थे कि अभय सिंह के त्यागपत्र से कोई कानून वापिस नहीं होंगे मगर उनकी जीत के साथ ही तीनों कृषि कानून वापिस हो गए। उन्होंने कहा कि आज प्रदेशभर में डीएपी व यूरिया की कमी के कारण किसानों को उसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है और उनकी फसल बुरी तरह प्रभावित हो रही है।
प्रदेशभर में लूटपाट, हत्याएं, डाकाजनी सहित अनेक अपराध नित्य हो रहे हैं और सरकार पूरी तरह उदासीन बनी हुई है। इस जनसंपर्क अभियान के दौरान उनके साथ इनेलो जिलाध्यक्ष कश्मीर सिंह करीवाला, युवा इनेलो जिलाध्यक्ष धर्मवीर नैन, विनोद बेनीवाल, कृष्ण झोरड़, महेंद्र बेनीवाल, इनेलो जिला प्रेस प्रवक्ता महावीर शर्मा, रामकुमार चाहरवाला, गुरविंद्र सिंह सरपंच, दिनेश बेनीवाल, अरविंद बेनीवाल, कंवलजीत, राजेंद्र बरासरी व सुभाष हंजीरा सहित अनेक इनेलो पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।