हरियाणा ओलंपिक संघ के चुनाव को लेकर अभय गुट पहुंचा कोर्ट, 14 को सुनवाई
हरियाणा ओलंपिक संघ के चुनाव केा लेकर अभय गुट अब कोर्ट पहुंच गया है। इस मामले में 14 को सुनवाई होनी है। वहीं इसकी शिकायत भी ओलंपिक संघ को की है।
हिसार, [सुनील मान]। प्रदेश के हरियाणा ओलंपिक संघ के दोनों गुटों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। पूर्व आइपीएस अधिकारी पीवी राठी की तरफ से 19 सितंबर को चुनाव कराने की घोषणा के बाद अब विधायक अभय सिंह चौटाला गुट कोर्ट की शरण में पहुंच गया है। साथ ही इसकी शिकायत भारतीय ओलंपिक संघ से भी की गई है।
अभय चौटाला भी हरियाणा ओलंपिक संघ के प्रदेशाध्यक्ष हैं। उनके नेतृत्व में यह इकाई प्रदेश में खेलों का आयोजन भी करवा रही थी। अभय गुट के नेतृत्व वाले संघ के प्रदेश महासचिव बिजेंद्र लोहान ने बताया कि यह चुनाव पूरी तरह से नियमों को ताक पर रखकर कराए जा रहे हैं। इसमें काफी धांधली की गई है। प्रदेश में जो अलग-अलग एसोसिएशन हैं। वह गलत तरीके से बनाई गई हैं। उनका संघ से कोई लेना-देना नहीं है। उसके बावजूद एक संघ ने चुनाव कराने का ऐलान कर दिया। इसे रोकने के लिए हमने कोर्ट की शरण ली है। हमारे वकील ने पंचकूला की कोर्ट में यह मामला दायर कर दिया है। इसकी सुनवाई 14 सितंबर को होगी।
लोहान ने बताया कि वीरवार को एसोसिएशन के प्रधान से बातचीत कर यह निर्णय लिया गया था कि इसकी शिकायत भारतीय ओलंपिक संघ को भेजी जाएगी। वहां से जो भी आदेश आएंगे, उनको अमल में लाया जाएगा।
हरियाणा तीरंदाजी संघ के महासचिव रामनिवास हुड्डा ने बताया कि हमारा संघ भारतीय तीरंदाजी संघ से मान्यता प्राप्त है। हमने सैकड़ों प्रतियोगिताएं आयोजित की हैं। आज प्रदेश में हजारों खिलाड़ी हमारे संघ से जुड़े हुए हैं। उसके बावजूद हमारे संघ को राठी गुट ने वोङ्क्षटग का अधिकार नहीं दिया है। हमारी जगह किसी अन्य फर्जी एसोसिएशन को अधिकृत किया है। हमने इसकी शिकायत खेल मंत्री से भी की है।