किसान अस्पताल का जायजा लेने पहुंचे अभय चौटाला, बोले...गठबंधन सरकार का पंजाब जैसा होगा हश्र
बहादुरगढ़ बाईपास स्थित जननायक चौधरी देवीलाल निशशुल्क किसान अस्पताल का इनेलाे नेता अभय सिंह चौटाला ने जायजा लिया। यहां पर उन्होंने कुछ अन्य जरूरी सेवाओं की भी व्यवस्था किसानों के लिए करवाई हैं। अभय सिंह चौटाला के साथ इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी भी मौजूद रहे।
बहादुरगढ़, जेएनएन। इनेलाे नेता अभय सिंह चौटाला ने बहादुरगढ़ बाईपास स्थित जननायक चौधरी देवीलाल निश्शुल्क किसान अस्पताल का जायजा लिया। यहां पर उन्होंने कुछ अन्य जरूरी सेवाओं की भी व्यवस्था किसानों के लिए करवाई हैं। अभय सिंह चौटाला के साथ इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी भी मौजूद रहे। इस अस्पताल का उद्घाटन कुछ दिन पूर्व किसान नेता राकेश टिकैत ने किया था। अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा-जजपा के नेता जानबूझकर किसानों को उकसाने के लिए बहिष्कार के बाद भी कार्यक्रम कर रहे हैं।
हरियाणा में बीजेपी-जेजेपी गठबंधन के नेताओं को यह समझ लेना चाहिए, अगर वे अब भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए तो वे अपने अंजाम के जिम्मेदार खुद होंगे। कहीं गठबंधन नेताओं का हश्र भी पंजाब के नेताओं जैसा न हो जाए। अभय चौटाला ने कहा कि जमीन और फसल किसान के स्वाभिमान हैं। इन तीन कानूनों के जरिये सरकार ने किसानों के स्वाभिमान को कुलचने का जो षड़यंत्र रचा है, उसे किसान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।