रोहतक में दूधिया की बीच सड़क गोलियों से भूनकर हत्या, मची भगदड़
दूधिया गांव से दूध लेकर रोहतक सप्लाई करने के लिए आ रहा था। चांदी गांव के पास अज्ञात हमलावरों ने हत्याकांड को अंजाम दिया। दूधिया को करीब सात से आठ गोली मारी गई है।
रोहतक, जेएनएन। रोहतक में शायद ही ऐसा कोई दिन हो जिस दिन कोई बड़ी आपराधिक घटना न हो। बुधवार को एटीएम से 25 लाख रुपये चोरी किए तो वीरवार को हत्या करने का मामला सामने आया है। चांदी गांव के पास बीच सड़क पर दूधिया को दिन निकलते ही गोलियों से भून दिया गया। प्राथमिक जांच में दूधिया को करीब सात-आठ गोली लगने की पुष्टि हुई है। मूलरूप से खैरेंटी गांव का रहने वाला 35 वर्षीय जयभगवान सुबह करीब आठ बजे गांव से दूध लेकर बाइक पर रोहतक की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह चांदी गांव के पास पहुंचा तो अज्ञात हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इसमें दूधिया की मौके पर ही मौत हो गई।
वहां से गुजर रहे राहगीरों ने इसकी सूचना लाखनमाजरा थाना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक की पहचान कराई, जिसके बाद उसके स्वजनों को जानकारी दी गई। पता चलने पर स्वजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी हत्याकांड के बारे में जानकारी ली, लेकिन कोई भी खुलकर सामने नहीं आया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हत्याकांड को क्यों और किसने अंजाम दिया इस बारे में पुलिस जानकारी जुटा रही है। लेकिन जिस तरीके से दूधिया को इतनी गोली मारी गई है उससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों के साथ दूधिया कोई पुरानी रंजिश हो सकती है। फिलहाल पुलिस सभी मामले की छानबीन कर रही है।
यह भी सामने आया है कि हमलावर पहले से ही जानते थे कि दूधिया किस समय यहां से गुजरने वाला है। हमला घात लगाकर किया गया है। घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। वहीं पुलिस ने सड़क किनारे पड़े शव को अपने कब्जे में ले लिया वहीं परिजनों को भी सूचित कर दिया गया।