रोहतक में रिटौली गांव में 25 साल के युवक को मारी गोली, गंभीर हालत में पीजीआई में भर्ती
रोहतक जिले के एक गांव में 4 युवकों ने एक युवक को पुरानी रंजिश के चलते गोली मार दी। गोली सीने के पास दाएं कंधे में लगने से घायल हुए युवक को पीजीआई में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जागरण संवाददाता, रोहतक। रोहतक में एक के बाद एक बड़ी वारदात सामने आ रही हैं। कल निंदाना में कहासुनी के बाद 50 साल के व्यक्ति को गोली मार दी गई तो आज गोली मारने की एक और घटना सामने आई है। रोहतक जिले के एक गांव में 4 युवकों ने एक युवक को पुरानी रंजिश के चलते गोली मार दी। गोली सीने के पास दाएं कंधे में लगने से घायल हुए युवक को पीजीआई में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आए चारों आरोपित युवकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अभी तक मिली जानकारी में गोली लाइसेंसी हथियार से चलाई गई है। अभी तक पीड़ित के बयान दर्ज नहीं हो पाने के कारण पुलिस जांच आगे नहीं बढ़ पा रही है। घटना की सही वजह का पता पीड़ित के बयान दर्ज होने पर ही लग पाएगा। घटना को लेकर पीड़ित युवक के परिवार के लोग भी पुलिस को कोई जानकारी नहीं दे पा रहे हैं।
अभी गंभीर बनी हुई है हालत
मामले में थाना शिवाजी कॉलोनी के कार्यकारी प्रभारी सुरेश ने बताया है कि गांव रिटौली निवासी 25 वर्षीय विक्की उर्फ सोनू को गांव के ही चार युवकों ने गोली मार दी। सूचना के बाद घटनास्थल का मुआयना किया गया। घायल विक्की को पीजीआई में अभी तक होश में नहीं आया है। घायल के बयानों का इंतजार है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
झगड़े को लेकर थी रंजिश
पुलिस के मुताबिक, विक्की का गांव में चार माह पहले 4-5 युवकों से झगड़ा हुआ था। इसके बाद से आपसी रंजिश हो गई थी। विक्की खेती-बाड़ी का काम करता है। वारदात के बारे में ग्रामीणों से भी जानकारी ली गई है। आरोपित फरार चल रहे हैं।