Hisar Coronavirus Update: उमरा में मुंबई से लौटे पति, पत्नी, देवर मिले कोरोना पॉजिटिव
हिसार में तीन नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। ये तीनों मुंबई से हिसार के उमरा गांव में लौटे थे। इसमें पति पत्नी देवर शामिल हैं। हिसार में केस बढ़ते ही जा रहे हैं।
हिसार, जेएनएन। देश में सबसे अधिक कोरोना संक्रमित शहर मुंबई से लौटे उमरा निवासी एक ही फैमिली के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले है। वहीं बरवाला स्थित सतलोक आश्रम के संचालक रामपाल की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। सतलोक आश्रम के संचालक रामपाल सेंट्रल जेल टू में जेल में सजा काट रहे है।
बुधवार को उनका सैंपल करवाया गया, जिसकी देर शाम रिपोर्ट आई। वहीं उपरोक्त तीनों कोरोना पॉजिटिव मुंबई से स्वराज ट्रेन में सवार होकर अंबाला पहुंचे थे, जिसके बाद अंबाला से टेक्सी करके हिसार लौटे थे। एक ही फैमिली के यह पांच लोग 24 मई को हिसार पहुंचे थे, यहां आने के बाद 25 मई को इन लोगों का सिविल अस्पताल में सैंपल लिया गया था। जिसके बाद बुधवार देर शाम को रिपोर्ट आई तो इस फैमिली के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिले है।
इनमें 32 वर्षीय युवक उसकी 33 वर्षीय पत्नी और 24 वर्षीय छोटा भाई कोरोना पॉजिटिव मिले है। स्वास्थ्य विभाग को पता लगने पर बुधवार देर रात 10 बजे स्वास्थ्य विभाग ने एंबुलेंस उमरा भेजकर तीनों लोगों को अग्रोहा मेडिकल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करवाया। विभाग की ओर से इनके संपर्क में रहे माता-पिता को भी क्वारंटाइन किया गया है। वहीं इनके संपर्क में आए लोगों का विभाग की ओर से पता लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन की ओर से उमरा को कंटेनमेंट जोन व साथ लगते एरिया को बफर जोन घोषित किया जाएगा।
फरवरी में दोबारा मुंबई गया था परिवार
कोरोना पॉजिटिव पाए गए फैमिली के तीनों लोग बच्चों समेत पिछले कई सालों से मुंबई में अंधेरी में रहते थे। लेकिन पिछले वर्ष वापस अपने गांव लौट आए थे। यह लोग दोबारा से इसी वर्ष लॉकडाउन से पहले फरवरी महीने में दोबारा मुंबई गए थे। उपरोक्त पॉजिटिव पाए दोनों भाई व महिला वहां घरों में सफाई व दिहाड़ी-मजदूर का काम करते थे। फरवरी महीने में मुंबई जाने के बाद लॉकडाउन के चलते काम ठप हो गया। इसलिए यह लोग वापस उमरा आना चाहते थे। लेकिन लॉकडाउन के चलते वहां से नहीं आए पाए। जिसके बाद वहां किराए के मकान में रह रहे थे। वहीं उमरा में इन लोगों के माता-पिता रह रहे है।
क्वारंटाइन का टाइम पूरा करने वाले व दो पुलिसकर्मियों के सैंपल लिए
डा. रवि की टीम ने गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में क्वारंटाइन का समय पूरा होने पर विदेशों से लौटे लोगों के सैंपल लिए। इस दौरान थाइलैंड व ब्रिटेन से जिले में लौटे 4 लोगों के सैंपल लिए। इन्हें विदेश से लौटने पर क्वारंटाइन किया गया था। वहीं सातरोड में दो पुलिस वालों के सैंपल भी लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
बालसमंद में 17 लोगों के सैंपल लिए
सिविल अस्पताल की डा. बंसीलाल, एलटी सत्यवान व दिनेश की टीम ने बालसमंद में 17 लोगों के सैंपल लिए है। यह लोग मुंबई से लौटे थे और बीकानेर के लोगों के साथ बस में सवार होकर आए थे। इन लोगों में से भादरा के 7 लोग पॉजिटिव पाए गए है। इसलिए विभाग ने एहतियात के तौर पर इन लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवाए है।
फ्लू क्लीनिक में लगी मरीजों की भीड़
सिविल अस्पताल में बुधवार को गर्मी अधिक होने पर भी भीड़ लगी रही। इस दौरान 250 के करीब लोग जांच के लिए पहुंचे। इनमें से 92 लोगों के सैंपल भी लिए गए, जिनमें अधिकतर बाहर जिले से बाहर के थे।
पॉजिटिव व्यक्ति के घर के बाहर पोस्टर लगाया
टिब्बा दानाशेर निवासी एक व्यक्ति 23 मई को पॉजिटिव घोषित हुआ था। विभाग द्वारा उसके घर पर बुधवार तक पोस्टर चस्पा नही किया गया था। डा. रमेश पूनिया और उनकी टीम ने पूरे कंटेनमैंट जोन का निरीक्षण किया और जिला जनस्वास्थ्य परामर्श चिकित्सक डा. सुरभि के परामर्श पर उक्त कोरोना पॉजिटिव घर के बाहर पोस्टर चस्पा किया। इसके इलावा कंटेनमेंट एरिया के निवासियों को आ रही परेशानियों के बारे में जानकारी प्राप्त कर उनका मौके पर ही समाधान करवाया।
---हांसी के उमरा गांव में एक ही फैमिली के तीन लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। तीनों लोगों को अग्रोहा मेडिकल में आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया गया है। विभाग की ओर से इनके संपर्कों का पता लगाया जा रहा है।
डा. योगेश शर्मा, सीएमओ, हिसार।