फतेहाबाद में कोरोना से 23वीं मौत, सितंबर महीने में अब तक 11 लोगों की हो चुकी मौत
अकेले इस महीने अब तक 11 मरीजों की मौत हो चुकी है जो अपने आप में रिकॉर्ड है। जिले में अब तक 1725 केस आ चुके हैं। वहीं कोरोना के मरीज भी इस महीने में 774 केस मिले चुके हैं।
फतेहाबाद, जेएनएन। फतेहाबाद जिले में सितंबर माह लगते ही कोरोना का ग्राफ भी एकाएक बढ़ गया है। स्वास्थ्य विभाग इस ग्राफ को रोकने में नाकाम हो रहा है। इसका मुख्य कारण लोगों द्वारा लापरवाही बरतना है। लोग नियम नहीं मान रहे है। सुबह होते ही बाजारों में भीड़ लग जाती है। यही कारण है कि हर दिन कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को जाखल में 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की कोरोना से मौत हो गई। उसका इलाज अग्रोहा मेडिकल कालेज में चल रहा था। वही देर रात को रतिया निवासी 55 वर्षीय वकील ने भी हिसार के निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। करीब पांच दिन पहले उसे कोरोना हुआ था और ठीक था। लेकिन दो दिन पहले उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
जिले में अब तक कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 23 पहुंच गया है। इस महीने अब तक 11 मरीजों की मौत हो चुकी है जो अपने आप में रिकॉर्ड है। जिले में अब तक 1725 केस आ चुके हैं। वहीं कोरोना के मरीज भी इस महीने में अब तक 774 आ चुके है। ऐसे में अगर यही स्थिति रही तो यह इस महीने रिकॉर्ड बन जाएगा। पिछले 15 दिनों में 11 लोगों की मौत होने से स्वास्थ्य विभाग को चिंता में डाल दिया है। इस महीने दो मरीज तो ऐसे थे जिनकी उम्र 50 साल से कम थी। एक की उम्र 35 साल तो एक की उम्र 49 साल थी।
रतिया फैक्ट्री के मरीजों ने बिगाड़ा समीकरण
रतिया के लाली रोड पर स्थित गत्ता फैक्ट्री में कल 55 के करीब मजदूरों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद फैक्ट्री के 25 मजदूरों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जिसके बाद अब इस फैक्ट्री में 81 मजदूर को कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। एक ही फैक्ट्री से मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। रतिया प्रशासन ने पूरी फैक्ट्री को सील कर दिया है। किसी को अंदर या बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। वहीं हिस्ट्री पता की जा रही है कि ये लेाग बाहर कब गए थे और इसके संपर्क में आए थे। वही सोमवार को अब तक जिले में सबसे ज्यादा कोरोना मरीज आने का रिकॉर्ड भी बना था। सोमवार शाम तक जिले में 149 मरीज आए थे।
------
जिले में कोरोना से एक और मौत हुई है। इस महीने तो सभी रिकॉर्ड टूट रहे है। अब भी समय है अगर हम नियमों का पालन करेंगे तो ही इस बीमारी से बच पाएंगे। नहीं तो हर इंसान इसकी चपेट में आएगा।
डा. हनुमान सिंह, डिप्टी सिविल सर्जन फतेहाबाद।