हिसार मंडल में कोरोना को मात देकर ड्यूटी पर लौटे 220 पुलिसकर्मी
हिसार मंडल आइजी राकेश कुमार आर्य ने हिसार मंडल के उन पुलिसकर्मियों को बधाई दी जो कोरोना को मात देकर लौटे हैं।
जागरण संवाददाता, हिसार:
हिसार मंडल आइजी राकेश कुमार आर्य ने हिसार मंडल के उन पुलिस कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी है, जो महामारी को मात देकर, अपनी ड्यूटी पर लौटे है। हिसार मंडल के पांचो जिलों में अब तक 220 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी कोविड-19 से पूर्ण रूप से ठीक हो चुके है व पुन अपनी सेवाएं देनी शुरू कर दी है। स्वस्थ हुए कर्मचारियों में हिसार, हांसी से 87 कर्मचारी है। जिला जींद से 64, सिरसा से 43 और जिला पुलिस फतेहाबाद के 22 कर्मचारी है। आइजी ने संबंधित पुलिस अधीक्षकों से उन पुलिस कर्मचारियों के नाम भेजने को कहां जो महामारी में लोगों की सेवा करते हुए मानवता की मिसाल कायम कर रहे है।
हिसार मंडल के पांचों जिलों के संक्रमित हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी विडियो कॉलिग के माध्यम से हाल-चाल जाना व जल्दी ही स्वस्थ होने की कामना की।
उन्होंने कहां किसी भी चुनौती से टकराने व जीत हांसिल करने का सबसे बड़ा हथियार कर्तव्यपरायणता एवं हौसला है। हिसार मंडल पुलिस इसी जज्बे के साथ नागरिक प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम कर रही है व शीघ्र ही इस महामारी को मात देने में हमें सफलता मिलेगी।
आइजी ने सभी पुलिस अधीक्षको को निर्देश दिए है कि महामारी का फैलाव ग्रामीण क्षेत्रों मे रोकने के लिए वहां नियमों का सख्ती से पालन करवाए। पुलिस की गाड़ियों में लगे लाउड-स्पीकरो का इस्तेमाल कर लोगों को सावधानी बरतने बारे जागरुक करने के साथ-साथ उन्हें महामारी की गंभीरता बारे भी सचेत करें। आईजी ने हिसार मंडल में ग्रामीण स्तर पर जनसेवा के कार्यो मे जुटे युवा संगठनो, जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों से अनुरोध किया कि वे इस महामारी से बचाव के लिए ग्रामीणो को सामूहिक हुक्का, ताश, तथा जनसभा आदि से संक्रमण बढ़ने के खतरे बारे सचेत कर प्रशासन का सहयोग करें। आईजी ने शहर के सभी समर्पित डॉक्टरों का धन्यवाद किया। जिन्होंने इस आपदा के समय में जरूरतमंदों को घर बैठे निशुल्क परामर्श देने का निर्णय लिया है। हिसार के इन जाने-माने डॉक्टरों में, सेवानिवृत्त सीनियर मेडिकल अधिकारी डा. विनोद डुड्डी मनोरोग विशेषज्ञ, सम्पर्क सूत्र 9643455561, डाक्टर नरेन्द्र गुप्ता मनोरोग विशेषज्ञ, गुप्ता अस्पताल हिसार, सम्पर्क सूत्र 9467303330, डाक्टर सुबोध कुमार नवल फिजिशियन हिसार, सम्पर्क सूत्र 8814844530, डाक्टर अमित वर्मा, फिजिशियन, युग मैडीसिन क्लिनिक, मॉडल टाउन हिसार, सम्पर्क सूत्र-8053535619, डाक्टर अरुण अग्रवाल, कैंसर विशेषज्ञ, आधार अस्पताल हिसार 9729065479, डाक्टर सुखबीर वर्मा गोल्ड मेडलिस्ट आयुष मेडिकल अधिकारी, नागरिक अस्पताल, हिसार सम्पर्क 9355256677, डाक्टर एपी सेतियां फिजिशियन हिसार सम्पर्क सूत्र -8059120189।
इन सभी डाक्टरों ने जनहित में लोगों के सहयोग के लिए अपनी सेवाएं शाम 4 बजे से 8 बजे तक देने का फैसला लिया, आपातकाल में पहले भी कॉल करके इनसे परामर्श ले सकते है। ज्ञात हो कि आईजी ने हाल ही में समाजसेवी संगठनो एवं डाक्टरों से समाज हित मे अपनी सेवाएं देने की अपील की थी।