शिक्षा बोर्ड के ही 22 कर्मचारियों ने दिया था HTET, निगरानी में होगी OMR सीट की जांच
बोर्ड अधिकारियों की निगरानी में होगी OMR शीट की जांच हाल ही में डी ग्रुप की भर्ती में हुए थे नियुक्त।
भिवानी [बलवान शर्मा] इस बार हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) में शिक्षा बोर्ड के ही 22 कर्मचारी भी बैठे थे। परीक्षा लेने वाले बोर्ड के अपने कर्मचारियों पर अधिकारियों की पैनी नजर है और उनकी ओएमआर शीट की जांच शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी में ही होगी, ताकि कोई गलत फायदा न ले सके। बता दें कि 16 व 17 नवंबर को पूरे प्रदेश में हरियाणा पात्रता परीक्षा का आयोजन किया गया था। प्रदेश के 2,83,000 उम्मीदवारों ने यह परीक्षा दी थी। बोर्ड प्रशासन इन दिनों रिजल्ट तैयार करने के लिए जुटा हुआ है।
शिक्षा बोर्ड के सचिव राजीव प्रसाद ने 15 नवंबर से पहले ही उन कर्मचारियों की सूची मांग ली थी, जो खुद एचटेट में बैठे हैं। परीक्षा के दौरान भी इन कर्मचारियों पर विशेष नजर रखी गई थी, वहीं अब परीक्षा परिणाम तैयार करते समय भी बोर्ड अधिकारियों की इन पर विशेष नजर है। ये वे कर्मचारी हैं, जो हाल ही में स्नातक या इससे अधिक शिक्षित होते हुए डी ग्रुप की भर्ती में नियुक्त हुए थे। अब शिक्षक बनकर डी ग्रुप से बाहर निकलने का प्रयास कर रहे हैं।
बोर्ड सचिव की मौजूदगी में होगी ओएमआर शीट की जांच
शिक्षा बोर्ड के सभी 22 कर्मचारियों की ओएमआर शीट की जांच के दौरान बोर्ड सचिव राजीव प्रसाद खुद मौजूद रहेंगे। बोर्ड सचिव ने इस संबंध में हिदायत भी जारी कर दी है।
एक जनवरी से पहले घोषित होगा एचटेट का परिणाम
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड प्रशासन ने एचटेट का परिणाम 1 जनवरी 2020 तक घोषित करने की घोषणा की हुई है। लेकिन इस बार ज्यादा इंतजार नहीं करना होगा, क्योंकि इस साल पिछले वर्षों की तुलना में करीब सवा लाख कम छात्रों ने परीक्षा दी है। इसलिए रिजल्ट तैयार करने में ज्यादा समय नहीं लगेगा। ओएमआर शीट स्केङ्क्षनग का कार्य लगभग पूरा होने वाला है। इसके बाद अलग-अलग फर्मों से रिजल्ट का मिलान करवाया जाएगा। दिसंबर माह में ही परिणाम घोषित हो सकते हैं।