20 वर्षीय युवक की हत्या कर सरे बाजार फेंका शव, मिली सीसीटीवी फुटेज
रोहतक के महम कस्बे में शुक्रवार सुबह सरेबाजार युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक की तलाशी ली और जेब से एक आधार कार्ड मिला।
रोहतक, जेएनएन। कभी आपसी रंजिश तो कभी अन्य कारणों के चलते प्रदेश में हत्याएं हो रही हैं। अब रोहतक में मर्डर का मामला सामने आया है। महम कस्बे में शुक्रवार सुबह सरेबाजार युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने मृतक की तलाशी ली और जेब से एक आधार कार्ड मिला। यह आधार कार्ड भिवानी की राजीव कॉलोनी निवासी अमित के नाम पर था। शव से थोड़ी दूर एक बाइक भी पड़ी मिली। युवक की उम्र करीब 20 साल है। जिसके चेहरे पर चोट मार कर हत्या की गई है। आशंका जताई जा रही है कि देर रात हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने मृतक के परिवार को सूचना दे दी है। जो अभी तक मौके पर नहीं पहुंचे हैं। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिली है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से कुछ सबूत भी जुटाए हैं। युवक की हत्या पीट पीट कर की गई है। शरीर खून से सना हुआ है तो एक दीवार के साथ शव पड़ा हुआ था। सुबह किसी ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। हत्या से पहले आपस में संघर्ष भी हुआ हो ऐसा भी लग रहा है। हत्या किसने की और किस कारण यह राज अभी भी राज बना हुआ है।
सीसीटीवी फुटेज से खुल सकती है हत्या की गुत्थी
पुलिस को पास ही लगे एक कैमरे से सीसीटीवी फुटेज भी मिली है। जिसमें दिखाई दे रहा है कि रात के समय तीन आरोपित युवक के साथ मारपीट कर रहे हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले ली है। युवक महम में किसी रिश्तेदारी में आया था या फिर उसका अपहरण कर यहां पर लाया गया इस बारे में अभी कुछ स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतक के परिवार को भी सूचना दे दी गई है। अभी तक वह मौके पर नहीं पहुंचे हैं। स्वजनों के आने के बाद भी स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआइ में भिजवा दिया है।
डीएसपी शमशेर सिंह का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही आरोपितों का पता कर लिया जाएगा। इस फुटेज के आधार पर भी हत्या की गुत्थी खुल सकती है। हत्या लूट के इरादे से की हो ऐसा नहीं लग रहा है क्योंकि पास ही एक बाइक भी पड़ी मिली है। वहीं हमलावर जान पहचान के भी हो सकते हैं। सीसीटीवी फुटेज मृतक के परिजनों को भी दिखाई जाएगी ताकि वो अगर हमलावरों में से किसी को जानते हो तो स्थिति साफ हो सके।