जागृति यात्रा का जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए निकाली रैली साइकिल रैली यानी जागृति यात्रा का बृहस्पतिवार को शहर में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। रैली का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त ममता सौदा कर रही हैं।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए निकाली रैली साइकिल रैली यानी जागृति यात्रा का बृहस्पतिवार को शहर में जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। रैली का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त ममता सौदा कर रही हैं। रैली में 16 महिला पुलिस साइकिलिस्ट भाग ले रही हैं। बृहस्पतिवार सुबह सबसे पहले झज्जर-गुरुग्राम बार्डर पर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद धनकोट स्थित सामुदायिक भवन में स्वागत किया गया। सेक्टर-34 स्थित फैशन एसेसरीज के कैंपस में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से संदेश दिया गया कि अपराध किसी भी किस्म का हो, घटित होने पर पीड़ित के चुप रहने से बढ़ता है। इससे अपराधियों का हौसला भी बढ़ता है। महिलाएं भी छोटी-छोटी बातों पर फैसला लेना सीखें। माता-पिता बच्चों को अच्छे संस्कार दें ताकि बच्चें महिलाओं का सम्मान करना सीखें।
सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम) धर्मबीर, सहायक पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) अखिल कुमार, महिला थाना पूर्वी की प्रभारी इंस्पेक्टर गरिमा, मानेसर महिला थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पूनम हुड्डा और महिला थाना पश्चिमी की प्रभारी पूनम सिंह ने महिलाओं और बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए दुर्गा शक्ति एप, महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 और डायल 112 की सुविधा पहले से ही मुहैया करवाई हुई है।
महिला सुरक्षा विशेषज्ञ वीणा गुप्ता और उनकी टीम के सदस्यों ने महिलाओं को सुरक्षा के गुर सिखाए। बता दें रैली 15 नवंबर से शुरू हुई है। शुभारंभ पुलिस महानिदेशक पीके अग्रवाल ने पंचकूला में झंडी दिखाकर किया था। इंस्पेक्टर रैंक तक की 16 महिला पुलिस साइकिलिस्ट शामिल हैं। सभी 25 दिनों में 23 पुलिस जिलों को कवर करते हुए 1194 किलोमीटर का सफर तय करेंगी।