घुड़सवारी प्रतियोगिता का आगाज
अरावली की तलहटी में बने पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (आरटीसी) भोंडसी के खेल मैदान में तीन दिवसीय घुड़सवारी प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को हो गया। शुभारंभ आरटीसी के पुलिस अधीक्षक ओपी नरवाल ने किया।
संवाद सहयोगी, बादशाहपुर: अरावली की तलहटी में बने पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (आरटीसी) भोंडसी के खेल मैदान में तीन दिवसीय घुड़सवारी प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार को हो गया। शुभारंभ आरटीसी के पुलिस अधीक्षक ओपी नरवाल ने किया। प्रतियोगिता में 50 घोड़ों के साथ देश भर के 70 घुड़सवार हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन कई प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ओपी नरवाल ने कहा की घुड़सवारी एक प्राचीन परंपरागत खेल है। घुड़सवार अपने कौशल से घोड़े के साथ अपने करतब दिखाता है। इस खेल में सबसे बड़ी बात यह है की घुड़सवार जितने करतब दिखाता है। उतने ही करतब घोड़ा एक जानवर होकर दिखाता है।
उद्घाटन समारोह में हरियाणा पुलिस के घुड़सवारों ने अपने घोड़ों के साथ कई तरह के करतब दिखाए। इस प्रतियोगिता के आयोजक कर्नल आरएस आहलूवालिया ने बताया कि प्रतियोगिता में हरियाणा पुलिस के अलावा नौसेना, बीएसएफ के घुड़सवार भी शामिल हो रहे हैं। हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़ के घुड़सवार भी इस प्रतियोगिता में अपने करतब दिखाएंगे।
पहले दिन आरईएल नोवॉइस प्रतियोगिता में सत्येंद्र सिंह प्रथम रहे। जंपिग प्रतियोगिता में नारायण प्रथम, साहिल दूसरे, लखबीर सिंह तीसरे और विनय कुमार चौथे स्थान पर रहे। कर्नल आरएस आहलूवालिया ने बताया कि शनिवार और रविवार को भी कई प्रतियोगिताएं होंगी।