50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच की टीम ने गांव मोहम्मदपुर निवासी कुख्यात अपराधी गिरिराज को उसके गांव से ही गिरफ्तार किया है, यह पैरोल पर आने के बाद फरवरी महीने से फरार चल रहा था, इसके ऊपर तीन लोगों की हत्या का आरोप है,
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 की टीम ने 50 हजार के इनामी बदमाश 34 वर्षीय गिरिराज को गांव मोहम्मदपुर स्थित उसके घर से रविवार दोपहर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो कट्टे बरामद किए गए हैं। पैरोल पर आने के बाद फरवरी से फरार चल रहा था। उसे रविवार को अदालत में पेश करने के बाद चार दिन की रिमांड पर लिया गया है।
इसी साल फरवरी महीने के दौरान सेक्टर चार निवासी प्रवेश भाटी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया था कि गिरिराज ने अपने साथियों के साथ मिलकर भाटी की हत्या कर दी थी। अपराध में शामिल सुनील एवं टींकू को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरिराज की गिरफ्तारी के बाद दो अन्य साथी देवा एवं संदीप की गिरफ्तारी बाकी है। रविवार को क्राइम ब्रांच के प्रभारी नरेश कुमार को सूचना मिली कि गिरिराज अपने घर पर आया हुआ है और किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसे काबू कर लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया है कि वर्ष 2003 में अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उत्तरप्रदेश निवासी श्रीकृष्ण की हत्या कर दी थी। श्रीकृष्ण उसके गांव के आसपास ही रहते थे। वर्ष 2007 में अपने साथियों के साथ मिलकर अपने गांव के ही कंवर ¨सह भाटी की हत्या कर दी थी। इस मामले में उम्र कैद की सजा हो चुकी है। फरवरी में पैरोल पर आने के बाद वह फरार हो गया। इसके बाद चार मार्च को सेक्टर चार निवासी प्रवेश भाटी की हत्या कर दी। कंवर ¨सह भाटी एवं प्रवेश भाटी एक ही परिवार से आते हैं। भाटी परिवार से गिरिराज के परिवार की किसी बात को लेकर रंजिश चल रही है। गिरिराज के परिवार में भी एक की हत्या कई वर्ष पहले कर दी गई थी। गिरिराज को लगता है कि भाटी परिवार की हत्या में भूमिका थी। सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में पुलिस उपायुक्त (अपराध) सुमित कुमार ने बताया कि गिरिराज के अन्य दो साथियों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।