पैरोल पर छूटा कैदी फरार
आजीवन कारावास की सजा काट रहा कैदी बहन की शादी में शामिल होने के बहाने पैरोल पर आया और फरार हो गया।
जासं, गुरुग्राम: आजीवन कारावास की सजा काट रहा कैदी बहन की शादी में शामिल होने के बहाने पैरोल पर आया और फरार हो गया। पालम विहार थाना पुलिस ने जेल प्रशासन से मिली सूचना के बाद कैदी के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर सेल की भी मदद ले रही है।
वर्ष 2013 में पालम विहार स्थित पार्क व्यू रेजिडेंसी निवासी मयंक चौधरी पर लूट व डकैती के दौरान हत्या का मामला दर्ज हुआ था। जिला एवं सत्र न्यायालय ने 2015 में मयंक को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। तभी से वह करनाल जेल में बंद था। उसने 12 जून को अपने भाई-बहन की शादी के लिए हाईकोर्ट में अर्जी लगाई थी, जिस पर 10 से 21 जून तक की पैरोल मिली थी। 22 जून सुबह 10 बजे उसे जेल पहुंच हाजिर होना था पर वह पहुंचा नहीं। जेल अधीक्षक की शिकायत पर पालम विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।