इंडोनेशिया की टीम हरियाणा में सीखेगी कबड्डी की बारीकियां
अनिल भारद्वाज, गुरुग्राम दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम देश इंडोनेशिया अपनी कबड्डी टीम को एशिया के अ
अनिल भारद्वाज, गुरुग्राम
दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम देश इंडोनेशिया अपनी कबड्डी टीम को एशिया के अन्य देशों जैसी बेहतर बनाने के लिए भारत का सहयोग लेगा। दक्षिण पूर्व एशिया देशों की कबड्डी टीम 25 जून से 20 दिन का कैंप लगाने भारत आ रही हैं। 14 जुलाई तक हरियाणा के भिवानी में चलने वाले कैंप में विदेशी खिलाड़ियों को कबड्डी की बारीकियां सिखाई जाएंगी। इसके लिए इंडोनेशिया ने भारतीय को प्रशिक्षक रखा है, जो इंडोनेशिया की राष्ट्रीय टीम के साथ रहेंगे।
एशिया देशों में भारत, ईरान, पाकिस्तान, जापान, कोरिया देशों की अच्छी टीमें हैं। इंडोनेशिया इन देशों की टीमों से मुकाबले के लिए भारत के साथ कबड्डी का अभ्यास करेगी। इंडोनेशिया ने अपने कबड्डी खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिलाने के लिए हरियाणा खेल विभाग के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर छाजूराम गोयत को रखा है। उनकी देख रेख में 20 दिन कैंप चलेगा। गोयत ने कहा कि 20 दिन के बाद टीम वापस इंडोनेशिया चली जाएगी और फिर वहीं पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। गोयत ने बताया कि इंडोनेशिया की टीम अच्छा खेल रही है, लेकिन एशिया में मजबूत टीमों को टक्कर नहीं दे पा रही है।
कबड्डी में भारत एशिया में नंबर वन देश है और अब इंडोनेशिया भारत के साथ मिलकर कबड्डी में धमाल मचाने की तैयारी कर रहा है। अगस्त में इंडोनेशिया में एशियन खेलों का आयोजन होने जा रहा है और इंडोनेशिया अपने कबड्डी टीम को जीत के लिए मुकाबलों में उतारना चाहता है।