पूर्व राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी खोल सकते हैं खेल प्रशिक्षण सेंटर
खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूर्व में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ी (खेलो इंडिया लघु केंद्र) स्थापित कर सकते हैं। इ
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: खेलों को बढ़ावा देने के लिए पूर्व में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ी (खेलो इंडिया लघु केंद्र) स्थापित कर सकते हैं। इसके लिए केंद्र सरकार ने प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। खेल केंद्र खोलने के लिए 5 लाख रुपये सरकार देगी। केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा खेलों इंडिया योजना के अंतर्गत खेलों को बढ़ावा देने के लिए यह स्कीम शुरू की है। देशभर में एक हजार केंद्र स्थापित होंगे। उपायुक्त अमित खत्री ने बताया कि जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए खेलो इंडिया लघु केंद्र का संचालन पूर्व राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ी करेंगे। इसमें ओलंपिक खेलों को शामिल किया जाएगा।
इसमें 14 खेलों तीरंदाजी, एथलेटिक, मुक्केबाजी, साइकिलिग, तलवारबाजी, हॉकी, जूडो, रोइंग, शूटिग, तैराकी, टेबल टेनिस, वेट लिफ्टिंग व कुश्ती शामिल हैं। इसके अलावा फुटबाल व अन्य परंपरागत खेलों को भी इसमें शामिल किया जा सकता है। जो पूर्व खिलाड़ी खेलो इंडिया लघु केंद्र स्थापित करेंगे, वह प्रशिक्षण के लिए शुल्क भी ले सकते हैं। जिला खेल अधिकारी जेजी बनर्जी ने कहा कि जिन्हें इस संबंध में जानकारी लेनी है, वह जिला खेल विभाग कार्यालय, नेहरू स्टेडियम में संपर्क कर सकते हैं।