सेक्टर 40 में सीवर हो रहे ओवरफ्लो
सेक्टर 40 में हुडा मार्केट के नजदीक सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। इसके कारण सड़क पर सीवर का गंदा पानी बह रहा है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: सेक्टर 40 में हुडा मार्केट के नजदीक सीवर ओवरफ्लो हो रहे हैं। इसके कारण सड़क पर सीवर का गंदा पानी बह रहा है। रिहायशी इलाके में सीवर बहने से दुर्गंध फैल रही है और स्थानीय लोग परेशान हैं। यहां से गुजरने वाले राहगीरों को भी समस्या हो रही है। आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों के मुताबिक नगर निगम को भी इस संबंध में सूचना दी गई है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। सेक्टर में कई जगहों पर सीवर के ढक्कन भी टूटे हुए हैं।
सूरत नगर फेज-एक में सीवर ओवरफ्लो की समस्या
वि. गुरुग्राम: नगर निगम वार्ड 11 के सूरत नगर फेज-एक में व्याप्त सीवर की समस्या को लेकर करुणा जनकल्याण सेवा समिति के सदस्यों ने नगर निगम गुरुग्राम के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। संस्था की महिला जिला अध्यक्ष अनीता शर्मा ने बताया कि पिछले तीन दिनों से सूरत नगर फेज-एक की गलियों में सीवर का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। आम जनता को पैदल चलने में भी बहुत परेशानी हो रही है। अगर नगर निगम ने अपने रवैये को नहीं बदला तो सूरत नगर के निवासी इस गंदे पानी को टैंकर में भरवाकर आने वाले सोमवार को निगम के कार्यालय के सामने डलवाने के लिए मजबूर हो जाएंगे। अनीता शर्मा ने कहा कि गली नंबर 11 और 12 का बहुत बुरा हाल हो रखा है। सूरत नगर सुधार समिति के प्रधान कैप्टन प्रेम सिंह ने भी मांग कि सूरत नगर की सभी गलियों के सीवर बड़ी मशीन से साफ किए जाएं।