प्रचंड गर्मी से झुलसा क्षेत्र, पारा 45.4 डिग्री पार
क्षेत्र प्रचंड गर्मी की चपेट में है। 45.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ शुक्रवार सीजन का सबसे गरम दिन रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: क्षेत्र प्रचंड गर्मी की चपेट में है। अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस के साथ शुक्रवार सीजन का सबसे गरम दिन रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
तेज धूप होने के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सुबह से शाम तक मौसम साफ रहा और प्रचंड गर्मी से क्षेत्र झुलसने लगा। दोपहर में ये हालात रहे कि गाड़ियों के एसी ने भी ठीक तरह से काम नहीं किया। घरों से बाहर निकलने में परेशानी होने लगी है और बाजारों में दिन के समय कम ही भीड़भाड़ नजर आई। सड़कों पर भी वाहन कम ही निकले। ज्यादा गर्मी को देखते हुए लोगों ने अपने बाहर के काम सुबह-शाम निपटाने शुरू कर दिए हैं। ज्यादा जरूरत होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी होने व तेज हवा चलने का अनुमान है।
----
लू और डिहाइड्रेशन से करें बचाव
-तापमान ज्यादा होने पर लू लगने का खतरा रहता है।
- ऐसे मौसम में घरों से कम से कम बाहर निकलें।
-सिर को सूती कपड़े से ढंककर बाहर जाएं।
-शरीर में पानी की कमी न हो यानी डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए खूब पानी पीएं।
- लू लगने पर चिकित्सक से जरूर सलाह लें।
-पेय पदार्थों जैसे नारियल पानी, जूस आदि का सेवन करें।
- अचानक एसी के कमरे से बाहर या बाहर से अंदर न जाएं।