हरियाणा पुलिस की रितु दहिया व राजस्थान पुलिस के भागचंद रहे बेस्ट राइडर
अखिल भारतीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में महिला वर्ग में हरियाणा पुलिस की सिपाही रितु दहिया बेस्ट राइडर रही।
संवाद सहयोगी, बादशाहपुर (गुरुग्राम): अखिल भारतीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में महिला वर्ग में हरियाणा पुलिस की सिपाही रितु दहिया बेस्ट राइडर रहीं। जबकि पुरुष वर्ग में बेस्ट राइडर का खिताब राजस्थान पुलिस के सिपाही भागचंद को दिया गया। प्रतियोगिता में बेस्ट घोड़ी राजस्थान पुलिस की 'जेनी' रही।
रितु दहिया सोनीपत जिला के गांव सिसाना की रहने वाली है। उन्होंने एक साल पहले ही घुड़सवारी सीखना शुरू किया है। पहली बार अखिल भारतीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में प्रतिभागी बनीं। इस प्रतियोगिता में रितु दहिया ने दो स्वर्ण पदक, एक कांस्य, एक रजत पदक जीता। रितु दहिया अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने कोच सबइंस्पेक्टर गोपाल कृष्ण को देती हैं। उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने रितु दहिया को बेस्ट राइडर की ट्राफी प्रदान की।
पुरुष वर्ग में बेस्ट राइडर का खिताब राजस्थान पुलिस के सिपाही भागचंद के नाम रहा। सिपाही भागचंद ने अपनी घोड़ी जेनी के साथ इस प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन किया। भागचंद ने शो जंपिग, ओपन सिक्स बार, क्रॉस कंट्री, मेंटल हजार्ड और वन स्टार व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक जीते। वहीं नोवीस व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। इस प्रतियोगिता में राजस्थान पुलिस की तेजतर्रार घोड़ी 'जेनी' बेस्ट घोड़ी रही। मुख्य अतिथि दुष्यंत चौटाला ने घोड़ी जेनी को दुशाला पहना कर सम्मानित किया।