ओम शांति रिट्रीट सेंटर का 19वां वार्षिकोत्सव मनाया
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा लोगों के चारित्रिक नैतिक और आध्यात्मिक विकास से देश मजबूत होता है।
संवाद सहयोगी, पटौदी: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा लोगों के चारित्रिक, नैतिक और आध्यात्मिक विकास से देश मजबूत होता है। श्रेष्ठ मानवीय मूल्यों को जीवन में धारण करना ही धर्म है। बाहरी स्वच्छता के साथ-साथ मन और बुद्धि की स्वच्छता को भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार महात्मा गांधी के स्वच्छता अभियान के सपने को साकार करने में लगी हुई है।
अश्विनी कुमार चौबे ने यह बात ओम शांति रिट्रीट सेंटर भोड़ाकलां के 19वें वार्षिकोत्सव के मौके पर कही। उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पटौदी के विधायक सत्य प्रकाश ने कहा कि ओम शांति रिट्रीट सेंटर में आकर शांति का अनुभव होता है। कोसली के विधायक लक्ष्मण सिंह ने कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था नारी शक्ति के द्वारा ही विश्व में संस्था शांति का संदेश पहुँचाने का कार्य कर रही है। अभिनेत्री दिव्या खोसला ने कहा कि राजयोग के अभ्यास से आंतरिक शक्ति का विकास होता है। राष्ट्रीय उपभोक्ता विवाद निवारण मंच की सदस्य न्यायमूर्ति दीपा शर्मा ने इस केंद्र में स्वयं के बारे में जानने को मिलता है।
आयोजन में अंतरराष्ट्रीय अभिनव सुनवाई केन्द्र, ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष प्रो. नागेन्द्र, कर्मचारी भविष्य निधि विभाग के अतिरिक्त आयुक्त जगमोहन, राज्य सतर्कता ब्यूरो के महानिरीक्षक सुभाष यादव, संस्था के अतिरिक्त महासचिव बीके बृजमोहन, ओआरसी निदेशिका बीके आशा ने भी अपने विचार रखे। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए।