निधि समर्पण की अलख जगाने को निकाली प्रभातफेरी
अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान शुरू होने जा रहा है। इस अभियान के अलख जगाने के लिए बादशाहपुर के गोविद मंदिर से राम भक्तों ने प्रभातफेरी निकाली।
संवाद सहयोगी, बादशाहपुर : अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण के लिए निधि समर्पण अभियान शुरू होने जा रहा है। इस अभियान के अलख जगाने के लिए बादशाहपुर के गोविद मंदिर से राम भक्तों ने प्रभातफेरी निकाली। राम भक्तों ने भजन कीर्तन करते हुए पूरे गांव की परिक्रमा कर गोविद मंदिर पर इसका समापन किया। इस्कान मंदिर के भक्तों का इस प्रभात फेरी में विशेष योगदान रहा।
प्रभात फेरी प्रात: बड़ा बाजार स्थित गोविद मंदिर से शुरू होकर त्यागी मोहल्ला, अहीरवाड़ा से बादशाहपुर के मेन रोड पर राधा कृष्ण मंदिर पर पहुंची। वहां से मोगा कालोनी गांधीनगर व दरबारीपुर रोड से राम भक्तों की टोली ने बादशाहपुर बाजार में प्रवेश किया। राम भक्तों की टोली में काफी संख्या में बच्चे व महिलाएं भी शामिल रहीं। प्रभात फेरी में बादशाहपुर के पूर्व सरपंच सुभाष त्यागी, आरएसएस के नरेश यादव, मुकेश जैलदार, डा. नरेश नीमवाल, दिनेश यादव, अक्षय यादव, यश कश्यप, नवनीत भारद्वाज, विकास गोयल, राम भारद्वाज, मुनेश त्यागी नंबरदार के अलावा गांव के काफी लोग मौजूद रहे।
प्रभात फेरी के समापन पर अनिल कश्यप ने कहा कि आज बड़े गौरव का दिन है। जहां, निधि समर्पण अभियान के लिए प्रभात फेरी निकाली गई है। वही, आजादी के परवाने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा देने वाले आजाद हिद फौज के संस्थापक सुभाष चंद्र बोस की जयंती है। अनिल कश्यप ने बताया कि अयोध्या में बनने वाले भगवान राम के भव्य मंदिर में हर घर से आहुति दी जाए। इसके लिए कोई भी घर छूटे नहीं। इसकी रणनीति बनाने के लिए 28 जनवरी को गोविद मंदिर में एक बैठक का आयोजन होगा। मुकेश जैलदार ने कहा कि 492 वर्ष बाद भगवान राम के मंदिर के निर्माण का शुभ मुहूर्त आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे हर घर से सहयोग लेने के लिए पहुंचे। सहयोग राशि कुछ भी हो सकती है। पर इस नेक कार्य में सभी का जुड़ाव जरूरी है। लोगों की भावनाओं को भगवान राम के मंदिर से जोड़ना है।