गुरुग्राम में बड़ा हादसा: बेसमेंट खोदाई के दौरान मिट्टी ढहने से तीन दबे, एक की मौत
मानेसर नगर निगम के सेक्टर-92 में निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट की खोदाई के दौरान मिट्टी ढहने से तीन श्रमिक दब गए। दबने वाले श्रमिकों में एक की मौके पर ही मौत हो गई। दो घायल श्रमिकों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां से उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर दस थाना पुलिस सेक्टर 93 चौकी पुलिस प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं।
जागरण संवाददाता, मानेसर। मानेसर नगर निगम के सेक्टर-92 में निर्माणाधीन इमारत के बेसमेंट की खोदाई के दौरान मिट्टी ढहने से तीन श्रमिक दब गए। दबने वाले श्रमिकों में एक की मौके पर ही मौत हो गई। दो घायल श्रमिकों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां से उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर दस थाना पुलिस, सेक्टर 93 चौकी पुलिस, प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं।
यहां काम करा रहे ठेकेदार द्वारा बिना सुरक्षा उपकरणों के काम लिए जाने की लापरवाही का मामला सामने आया है। सेक्टर 92 स्थित मेवका गांव में सिग्नेचर ग्लोबल के फ्लोर का निर्माण कार्य किया जा रहा है। मंगलवार दोपहर करीब पौने चार बजे प्रोजेक्ट पर बेसमेंट की खोदाई की जा रही थी।
करीब 50 फुट तक मिट्टी खोदी जा चुकी थी। इसके नीचे श्रमिक पिलर भरने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान मिट्टी ढह गई। इसमें तीन श्रमिक दब गए।
वहां मौजूद अन्य श्रमिकों ने दो श्रमिकों को तुरंत बाहर निकाल लिया, लेकिन झारखंड के साहेबगंज के रोहड़ा सनमनी निवासी 30 वर्षीय सिडो मरांडी मिट्टी में दबे रह गए। उसे निकालने में काफी समय गया। मिट्टी में दबे रहने के दौरान दम घुटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गुस्साए श्रमिकों ने एंबुलेंस के शीशे तोड़े
गुस्साए श्रमिकों ने बिल्डर और ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और वहां खड़ी एक एंबुलेंस के शीशे तोड़ दिए। इसके साथ ही मृतक के शव को भी नहीं उठाया। पुलिस ने आनन-फानन में शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी तक पहुंचाया और श्रमिकों को वहां से दूर किया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। दमकल और स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी बुला लिया गया था। एक श्रमिक की मौत हुई है। शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और यहां सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की जाएगी। -शिव अर्चन शर्मा, एसीपी वेस्ट