ताइकांडो खिलाड़ी के प्यार में नाकाम पहलवान ने खेला खूनी खेल, दीवार फांद कर आया और मार दी गोली
Gurugram Crime News ताइकांडो खिलाड़ी अपने घर में सोई हुई थी। पहलवान दीवार फांद कर घर के अंदर घुसा और रिवाल्वर से उसकी छाती और पेट में गोली मार कर वहां से भाग निकला।
गुरुग्राम, पटौदी (ओमप्रकाश अदलखा)। एकतरफा प्यार में पागल एक पहलवान ने दिल्ली से सटे गुरुग्राम में एक महिला खिलाड़ी को मौत के घाट उतार दिया है। महिला ताईक्वांडो खिलाड़ी व उसके परिजनों द्वारा शादी करने से मना करने पर नाराज पहलवान ने उस खिलाड़ी की गोली मार हत्या कर दी है। सनसनीखेज घटना गांव भौड़ा खुर्द में मंगलवार सुबह करीब चार बजे हुई।
घर में सोई थी तभी मारी गोली
युवती अपने घर में सोई हुई थी। दीवार फांद कर घर के अंदर घुसे युवक ने रिवाल्वर से उसकी छाती और पेट में गोली मारी और भाग निकला। युवती की मां की शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पटौदी क्षेत्र के भोड़ा खुर्द निवासी सरिता (25) ताइक्वांडो खिलाड़ी रही है।
एक साल पहले ही हुई थी प्रतियोगिता में मुलाकात
वर्ष 2012 से वह इस खेल से जुड़ी हुई थी। करीब एक साल पहले वह रोहतक में एक प्रतियोगिता में भाग लेने गई हुई थी। वहीं पर सरिता की मुलाकात जिला झज्जर के गांव बामडोली निवासी सोमबीर से हुई। सोमबीर पहलवानी करता है आैर राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में हिस्सा ले चुका है।
शादी के लिए मना करते ही देने लगा धमकी
बताते हैं कि पहली मुलाकात के बाद सोमवीर सरिता से एकतरफा मुहब्बत करने लगा। उसने कई बार सरिता से शादी करने की बात की मगर सरिता ने मना कर दिया। वह फिर भी नहीं माना तो सरिता ने अपने परिजनों को उसकी हरकत बताई तो परिजनों ने भी शादी करने से मना कर तंग नहीं करने को कहा था। इसके बाद भी वह नहीं माना शादी करने का दबाव बनाता रहा। सरिता की मां सावित्री के अनुसार उनके द्वारा मना करने पर सोमबीर उन्हें जान से मारने सहित कई तरह की धमकियां देने लगा।
थाने में मांगी लिखित माफी
इस पर उन्होंने सोमबीर के खिलाफ पुलिस को कई बार शिकायत भी की व दो बार रपट दर्ज कर उसे थाने लेकर पुलिस आई तो सोमबीर ने थाने में लिखित में माफी भी मांगी व भविष्य में तंग न करने का आश्वासन भी दिया था। इसके बाद कुछ दिन तक वह शांत रहा। दो माह से वह फिर उन्हें तंग करने लगा था। सावित्री ने बताया कि सोमबीर सुबह 4 बजे दीवार फांद कर उनके घर मे घुसा व सरिता से शादी करने की जिद की। घर के सभी लोग जाग गए। उनके मना करने पर उसने बरामदे में खड़ी सरिता के ऊपर गोली चला दी।
गोली मारते ही भागा सोमबीर
गोली लगने से सरिता वहीं पर गिर पड़ी मां ने शोर मचाया तो सोमबीर भाग खड़ा हुआ। गोली की आवाज सुन घर के अंदर आए और मरणासन्न हालत में सरिता को मानेसर स्थित एक अस्पताल ले गए जहां डॉक्टर ने सरिता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया आरोपित को पकड़ने के लिए दो पुलिस टीम लगाई गई हैं। जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।