Move to Jagran APP

Kisan Andolan Chakka Jam: किसानों के चक्का जाम की चेतावनी से पुलिस हाई अलर्ट

प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर चक्का जाम करने का ऐलान कर रखा है। कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शनकारियों द्वारा चक्का जाम करने की चेतावनी को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस को हाई अलर्ट कर दिया गया है। दिल्ली-जयपुर हाईवे एवं केएमपी-एक्सप्रेस-वे पर पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Published: Fri, 05 Feb 2021 05:17 PM (IST)Updated: Fri, 05 Feb 2021 05:17 PM (IST)
Kisan Andolan Chakka Jam: किसानों के चक्का जाम की चेतावनी से पुलिस हाई अलर्ट
दिल्ली-जयपुर हाईवे एवं केएमपी एक्सप्रेस-वे पर बढ़ाई गई सक्रियता।

गुरुग्राम (आदित्य राज)। कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शनकारियों द्वारा चक्का जाम करने की चेतावनी को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस को हाई अलर्ट कर दिया गया है। दिल्ली-जयपुर हाईवे एवं केएमपी-एक्सप्रेस-वे पर पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। सभी सहायक पुलिस आयुक्तों को अपने-अपने इलाके में राउंड मारते रहने के लिए कहा गया है। सीमावर्ती इलाकों के साथ ही खेड़कीदौला टोल प्लाजा के नजदीक भी पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।

loksabha election banner

प्रदर्शनकारियों ने आज (शनिवार) तीन घंटे तक हाईवे पर चक्का जाम करने का ऐलान कर रखा है। गुरुग्राम इलाके में शुरू से ही शांति है लेकिन ऐतिहातन शुरू से ही पुलिस सक्रिय है। दिल्ली-जयपुर हाइवे एवं केएमपी एक्सप्रेस-वे लाइफ लाइन है। दोनों यदि कुछ मिनट के लिए भी डिस्टर्ब होते हैं तो इसका हर क्षेत्र पर असर पड़ता है। इसे देखते हुए जैसे ही प्रदर्शनकारियों की ओर से कुछ भी चेतावनी दी जाती है गुरुग्राम पुलिस हाई अलर्ट मोड पर आ जाती है।

यही वजह है कि जिले में राजीव चौक पर बैठे प्रदर्शनकारियों ने भी 26 जनवरी को लगभग 17 किलोमीटर का ट्रैक्टर मार्च निकाला था लेकिन मार्च एक कदम भी रूट से आगे नहीं निकला था। इसके बाद भी पुलिस आयुक्त केके राव ने पूरे जिले में पुलिस को हाई अलर्ट कर दिया है। 30 से अधिक नाके लगाए गए हैं। सभी नाकों के माध्यम से संदिग्धों के ऊपर नजर रखी जा रही है।

चक्का जाम का समर्थन

संयुक्त किसान मोर्चा ने चक्का जाम का समर्थन किया है। मोर्चा के लोग राजीव चौक के नजदीक अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। मोर्चा के अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता संतोख सिंह ने कहा कि वे लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जताएंगे। जब तक कृषि कानून वापस नहीं लिए जाते हैं तब तक धरना जारी रहेगा। सरकार ने दिल्ली बार्डरों पर पाकिस्तान बार्डरों जैसा माहौल बना दिया है। तार फेंसिंग की जा रही हैं। किलबंदी की जा रही है।

शुक्रवार को आयोजित धरने में मोर्चा के अध्यक्ष संतोख सिंह, राव कमलबीर सिंह, निगम पार्षद आरएस राठी, पूर्व पार्षद गजे सिंह कबलाना, पूर्व सरपंच बीर सिंह, रवि आजाद, बाक्सर राजकुमार सांगवान, हाकी कोच फूल कुमार, अजीत सिंह, पूर्व पार्षद जसबीर ठाकरान, पूर्व पार्षद रविंदर कटारिया, जिला बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव अरुण शर्मा सहित काफी संख्या में लोग शामिल हुए।

केके राव, पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम का कहना है कि पुलिस लगातार सक्रियता बरत रही है। किसी भी हाल में आम जनजीवन प्रभावित न हो, इसके ऊपर ध्यान दिया जा रहा है। पुलिसकर्मियों से भी कहा गया है कि वे इस तरह वाहनों की जांच करने के साथ ही संदिग्धों के ऊपर नजर रखें कि कहीं भी जाम न लगे। किसी भी हाल में लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.