लूट के इरादे से बुजुर्ग महिला की हत्या
कायस्तवाड़ा मोहल्ले में रहने वाली 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला वीणा शुक्रवार को अपने घर में घायल अवस्था में पड़ी मिली। हालत गंभीर होने पर उन्हें आर्टमिस अस्पताल में रेफर किया गया जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
संवाद सहयोगी, सोहना (गुरुग्राम): कायस्तवाड़ा मोहल्ले में रहने वाली 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला वीणा शुक्रवार को अपने घर में घायल अवस्था में पड़ी मिली। आसपास के लोगों ने उन्हें नजदीक अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें आर्टमिस अस्पताल में रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। महिला के पति की मृत्यु हो चुकी है। उनका बेटा लंदन में जबकि बेटी आस्ट्रेलिया में रहती है।
महिला के सिर पर चोट के निशान थे। इससे साफ हो गया था कि लूट के इरादे से उनके ऊपर हमला किया गया था। सोहना शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की और वारदात के कुछ ही घंटे के भीतर ही शक के आधार पर दो युवक को हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए गए युवकों में से एक महिला के मकान में किराये पर पहले रहता था। इस वजह से उसे पता था कि महिला के पास काफी संपत्ति है और वह अकेले ही रहती हैं। यह बात उसने अपने दो अन्य साथियों से बताई। इसके बाद सभी ने मिलकर लूट की योजना बनाई।
योजना के मुताबिक तीनों बृहस्पतिवार देर रात दीवार फांदकर घर में घुस गए। महिला ने विरोध किया तो उनके सिर पर डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद आलमारी व अन्य जगह रखे सभी आभूषण व नगदी लेकर सभी फरार हो गए। शुक्रवार सुबह जब महिला की घरेलू सहायिका पहुंची फिर वारदात सामने आई। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन का कहना है कि हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ की जा रही है।