प्रतियोगिता के जरिये पर्यावरण के प्रति किया जागरूक
नगर निगम गुरुग्राम और साहस एनजीओ के अलग करो कार्यक्रम के तहत जिले के विद्यार्थियों के लिए जीरो वेस्ट गणतंत्र दिवस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: नगर निगम गुरुग्राम और साहस एनजीओ के 'अलग करो' कार्यक्रम के तहत जिले के विद्यार्थियों के लिए जीरो वेस्ट गणतंत्र दिवस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 5 से 9 तक के विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति अपने प्यार और चिता को व्यक्त करने के लिए नारे, कविता आदि पोस्ट करने के लिए प्रोत्साहित किया गया और बताया गया कि कैसे कचरे के प्रति जागरूक रहकर इसमें कमी लाने में योगदान दिया जा सकता है।
प्रतियोगिता को सुंदर कला रेखाचित्रों, कचरा प्रबंधन पर संदेश फैलाने वालों एवं 150 से अधिक विद्यार्थियों से 3आर यानी रि-ड्यूज, रि-यूज व रि-साइकिल की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। गणतंत्र दिवस पर आनलाइन पुरस्कारों की घोषणा की गई और बच्चों को प्राथमिक स्तर पर कचरा अलग करने के महत्व को सिखाने के लिए एक सत्र का भी आयोजन किया गया। विजेताओं के लिए सम्मान समारोह नगर निगम गुरुग्राम के सेक्टर-42 स्थित कार्यालय में आयोजित किया गया।
नगर निगम गुरुग्राम की अतिरिक्त आयुक्त डा. वैशाली शर्मा ने विजेताओं को उनके प्रयासों के लिए प्रमाण-पत्र व पुरस्कार भेंट किए गए। विजेताओं में अर्जुन गाबा, अनन्या अरोड़ा, अर्जुन, नैंसी, मनीषिका आहुजा, अर्शिया ढ़ींगड़ा और अर्ना कपूर शामिल रही। अलग करो कार्यक्रम कोका कोला, टेट्रा पैक और जीआईजेड द्वारा सीएसआर के तहत चलाया जा रहा है।
नगर निगम के सहयोग से यह वार्ड स्तर पर स्थायी कचरा प्रबंधन प्रणाली प्रदर्शित करने के लिए एक आत्मनिर्भर वार्ड बनाने की दिशा में काम कर रहा है। इसके लिए वार्ड-32 को चुना गया है। यह संगठन ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2016 के अनुसार वार्ड के नागरिकों और आरडब्ल्यूए, बाजारों में उनके कचरे के प्रबंधन के लिए एक व्यावहारिक परिवर्तन लाने की दिशा में काम कर रहा है।