1330 प्रतिष्ठानों को मिली संचालन की अनुमति
कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से चल रहे लॉकडाउन-3 के दौरान गृह मंत्रालय द्वारा दिए गए छूट के बाद जिले में औद्योगिक गतिविधियां धीरे-धीरे परवान चढ़ने लगा है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: कोरोना वायरस की वजह से चल रहे लॉकडाउन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा दी गई छूट के बाद जिले में औद्योगिक गतिविधियां धीरे-धीरे परवान चढ़ने लगी हैं। औद्योगिक गतिविधियों को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने को लेकर अब तक जिले में 1330 औद्योगिक व अन्य वाणिज्यिक इकाइयों को काम करने की सशर्त अनुमति प्रदान की जा चुकी है। इन सभी को 1,06,751 कर्मचारियों के साथ काम करने की अनुमति मिली है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की गाइडलाइंस के अनुसार ग्रामीण वह शहरी क्षेत्रों में शोरूम व दुकानें खुलने लगी हैं।
उपायुक्त अमित खत्री ने बताया कि उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के माध्यम से ऑनलाइन आवेदनों का निपटान करते समय इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि कार्यस्थल पर शारीरिक दूरी का पालन हो सके। उन्होंने कहा कि आवश्यक वस्तुओं का उत्पादन करने वाली इकाइयां तो लॉकडाउन में भी संचालित हो रही थी और अब गृह मंत्रालय की गाइडलाइन का पालन करते हुए गैरजरूरी वस्तुएं बनाने वाली इकाइयों को भी संचालन की अनुमति दी जा रही है।
उपायुक्त का कहना है कि आर्थिक व्यवस्था को समुचित नियंत्रण में रखने के लिए औद्योगिक इकाइयों का विकास में अहम योगदान है। इसी को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों को खोलने की अनुमति दी गई है।
जिले में सात ईंट भट्ठों को संचालन की मंजूरी दी गई है जहां पर 568 श्रमिक काम करेंगे। जिले में 96 निर्माण गतिविधियों का संचालन भी शुरू हुआ है जहंा पर 20,228 श्रमिकों को काम मिलेगा।