व्यायाम करने से स्ट्रोक से होता है बचाव: डा. विपुल
स्ट्रोक के लगभग 70 प्रतिशत मामलों की रोकथाम या इलाज संभव है। आर्टेमिस के डा. विपुल गुप्ता ने कहा कि शारीरिक सक्रियता (व्यायाम)स्ट्रोक की रोकथाम का सबसे अच्छा विकल्प है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: स्ट्रोक के लगभग 70 प्रतिशत मामलों की रोकथाम या इलाज संभव है। बुधवार को प्रेसवार्ता में आर्टेमिस के डा. विपुल गुप्ता ने कहा कि शारीरिक सक्रियता (व्यायाम)स्ट्रोक की रोकथाम का सबसे अच्छा विकल्प है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर प्रति 40 सेकेंड में एक व्यक्ति स्ट्रोक से ग्रस्त पाया जाता है और प्रति 4 मिनट में एक व्यक्ति स्ट्रोक के कारण मर जाता है। आज व्यायाम नहीं करना और धूमपान, ज्यादा शराब का सेवन के कारण देश की युवा आबादी स्ट्रोक का शिकार बन रही है। बढ़ते तनाव और डायबिटीज व हाइपरटेंशन भी कारण है। अमेरिका में स्ट्रोक से ग्रस्त होने वाले रोगियों की औसत आयु 71 वर्ष है और भारतीयों में यह आयु 52 वर्ष है। वहीं डा. राज श्रीनिवास पार्थसार्थी ने कहा कि फोन, कंप्यूटर, टीवी के सामने ज्यादा समय बीताना हार्ट अटैक, स्ट्रोक और कैंसर का कारण भी बन सकता है।