हर हाथ काम उपलब्ध कराने के लिए हथकरघा उद्योग को दिया जाए बढ़ावा: राज्यपाल
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि देश की उन्नति के लिए हर हाथ को काम मिलना चाहिए। इस लक्ष्य को हथकरघा उत्पादों को बढ़ावा देकर प्राप्त किया जा सकता है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि देश की उन्नति के लिए हर हाथ को काम मिलना चाहिए। इस लक्ष्य को हथकरघा उत्पादों को बढ़ावा देकर प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गांव में पहले हाथ से उत्पाद बनाने की परंपरा थी, जिसने हमारी आर्थिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान की थी। वर्तमान में फिर से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए हथकरघा उत्पादों को नवजीवन प्रदान करने की आवश्यक्ता है।
राज्यपाल ने यह बातें रविवार को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में कही। यहां हस्तशिल्पियों ने अपने हाथ से बनाए उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। राज्यपाल ने इसका अवलोकन किया। वह हर स्टाल पर रुक कर हस्तशिल्पकार से पूछा कि वह उत्पाद बनाने के लिए कच्चा माल कहां से लाते हैं। उत्पाद बनाने में कितना समय लगता है, उसके समूह में कितने व्यक्ति शामिल हैं। काम शुरू करने के लिए कितना पैसा लगाया था, तथा उत्पादों की बिक्री की क्या व्यवस्था है।
स्टाल लगाने वाली अधिकतर महिलाएं हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह में काम करती हैं। राज्यपाल ने महिलाओं से पूछा कि उन्हें हथकरघा से जुड़े अपना काम करने में किस प्रकार की कठिनाइयां आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी है तो वह उपायुक्त से मिल इसका समाधान कराएं।
राज्यपाल ने कहा कि हाथ से बनी वस्तुएं अच्छी होती हैं, उनमें कोई मिलावट नहीं होती। इसलिए उनकी कीमत भी अधिक होती है। उन्होंने हथकरघा कार्य से जुड़ी महिलाओं से कहा कि वह अपने उत्पादों में ऐसी गुणवत्ता लाएं कि उनके उत्पाद देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी निर्यात हों। साथ ही उन्होंने कहा कि वह निष्ठा के साथ काम कर सकें और धनराशि के लेनदेन का काम बैंक के माध्यम से करें।
उन्होंने बताया कि हर सात वर्ष सात अगस्त को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाया जाता है। 2015 से राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाने की शुरुआत हुई थी। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वह सूती और खादी के कपड़े पहने, हाथ से बनी वस्तुएं खरीदें जिससे हथकरघा उद्योग को बढ़ावा मिल सके। इस मौके पर उपायुक्त निशांत कुमार यादव, डीसीपी ईस्ट वीरेंद्र विज, चीफ प्रोटोकोल आफिसर वत्सल वशिष्ठ और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनु श्योकंद उपस्थित रहीं।
तिरंगा वितरण केंद्र का राज्यपाल ने किया शुभारंभ
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने लोक निर्माण विश्राम गृह में तिरंगा वितरण केंद्र का फीता काटकर शुभारंभ किया। इन वितरण केंद्रों के माध्यम से लोगों को खरीदने के लिए तिरंगे झंडे उपलब्ध कराए गए। गुरुग्राम जिला प्रशासन ने स्वयं सहायता समूहों के सहयोग से ऐसे 30 तिरंगा वितरण केंद्र खोल दिए हैं। लोगों की सुविधा के लिए पूरे जिले में ऐसे लगभग 100 केंद्र खोलने की योजना है।