Move to Jagran APP

मानेसर व आसपास के 27 गांवों के लिए दीपावली का तोहफा

मुख्यमंत्री मनोहर लाल की घोषणा के तुरंत बाद अधिकारी नया नगर निगम बनाए जाने के लिए एक्शन मोड में आ गए हैं। नगर निगम गुरुग्राम के मुख्य नगर योजनाकार ने मानेसर नगर निगम बनाए जाने का खाका तैयार किया है।

By JagranEdited By: Published: Sun, 15 Nov 2020 08:32 PM (IST)Updated: Sun, 15 Nov 2020 09:12 PM (IST)
मानेसर व आसपास के 27 गांवों के लिए दीपावली का तोहफा
मानेसर व आसपास के 27 गांवों के लिए दीपावली का तोहफा

महावीर यादव, बादशाहपुर (गुरुग्राम)

loksabha election banner

मुख्यमंत्री मनोहर लाल की घोषणा के तुरंत बाद अधिकारी नया नगर निगम बनाए जाने के लिए एक्शन मोड में आ गए हैं। नगर निगम गुरुग्राम के मुख्य नगर योजनाकार ने मानेसर नगर निगम बनाए जाने का खाका तैयार किया है। मानेसर नगर निगम में 27 गांव शामिल किए जा सकते हैं, जिनमें से 21 गांव वे शामिल है, जिन को नगर निगम गुरुग्राम का विस्तार कर शामिल किए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। हालांकि कई पंचायत इस बात का विरोध कर रही हैं। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला कह चुके हैं कि पंचायत की सहमति से ही गांव नगर निगम में लिए जाएं।

पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने मानेसर को नगर निगम क्षेत्र में शामिल करने के लिए मुहिम शुरू की। उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सामने मानेसर व आसपास के क्षेत्र को नगर निगम में शामिल करने का प्रस्ताव रखा, ताकि औद्योगिक नगरी के रूप में विकसित हो रहे मानेसर व आसपास के गांवों का विकास बेहतर हो सके।

मुख्यमंत्री ने 11 नवंबर को गुरुग्राम की दो बड़ी परियोजनाओं का ऑनलाइन शुभारंभ करने के अवसर पर मानेसर को नए नगर निगम के रूप में विकसित करने की घोषणा की। इसके तुरंत बाद नगर निगम के अधिकारी नया नगर निगम बनाने की प्रक्रिया में जुट गए हैं। नगर निगम गुरुग्राम के नगर योजनाकार ने मानेसर नगर निगम का पूरा ड्राफ्ट तैयार कर नगर निगम आयुक्त विनय प्रताप सिंह को सौंप दिया गया। नगर निगम आयुक्त ने क्षेत्रीय कराधान अधिकारी मुख्यालय को इन गांव का पूरा रिकॉर्ड तैयार कर रिपोर्ट देने के लिए कहा है। क्षेत्रीय कराधान अधिकारी भी इन ग्राम-पंचायतों का पूरा लेखा-जोखा तैयार करने में जुट गए हैं। यह गांव हो सकते हैं मानेसर नगर निगम में शामिल

मानेसर (शहरी), मानेसर (ग्रामीण) खो, कासन, नाहरपुर कासन, नवादा फतेहपुर, ढाणा, बांस कुसला, बांस हरिया, कांकरोला, भांगरोला, ढोरका, वजीरपुर, बढ़ा, सिकंदरपुर, ढाणी रामपुर (शिकोहपुर राजस्व में स्थित), शिकोहपुर, नखडौला, बार गुर्जर, नौरंगपुर, मेवका, हयातपुर, सहरावन, नैनवाल, कुकरोला, झुंडसराय (आबाद), झुंडसराय (बेचिराग) फाजलवास गांव को शामिल किया जा सकता है। इन 27 गांव में से 21 गांव को पहले ही गुरुग्राम नगर निगम का विस्तार कर शामिल किए जाने का प्रस्ताव है।

वैसे गुरुग्राम नगर निगम का विस्तार कर इन गांव को निगम में शामिल किए जाने का काफी ग्रामीण विरोध कर रहे हैं। इन 21 गांव के अलावा 6 नए गांव को शामिल कर 27 गांव की सूची मानेसर नगर निगम में जोड़ने के लिए तैयार की गई है। मानेसर नगर निगम में जिन छह नए गांव को जोड़ा गया है उनमें सहरावन, नैनवाल, कुकरोला, झुंडसराय (आबाद), झुंडसराय (बेचिराग) फाजलवास गांव शामिल है।

मैं मानेसर व आसपास के गांवों को नगर निगम में शामिल करने को कई दिनों से प्रयासरत था। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मेरे प्रस्ताव को स्वीकार कर मानेसर को नया नगर निगम बनाने की घोषणा कर दी। मैं उनके निर्णय का स्वागत करता हूं। मानेसर को औद्योगिक नगरी के रूप में विश्व के मानचित्र पर लाने का प्रयास है।

सत्यप्रकाश जरावता, विधायक, पटौदी


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.