प्रदेश के हर घर तक पहुंचेंगी वीरों की शौर्य गाथाएं: धनखड़
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि आजाद हिद फौज के वीरों की शौर्य गाथाएं हरियाणा के हर घर और गांव तक जाएंगी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कहा कि आजाद हिद फौज के वीरों की शौर्य गाथाएं हरियाणा के हर घर और गांव तक जाएंगी। उन्होंने बताया कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर जय हिद बोस बोलकर पराक्रम दिवस मनाने वाले प्रदेश के लाखों लोग उन सभी तीन लाख 27 हजार बलिदानी स्वतंत्रता सेनानियों को भी नमन करेंगे जिन्होंने देश के लिए अपने प्राणों को न्योछावर कर दिया। भाजपा की प्रदेश इकाई ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है। उन्होंने बताया कि पराक्रम दिवस की तैयारियों को लेकर उन्होंने सभी जिलों का दौरा पूरा कर लिया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष धनखड़ ने यह बातें बुधवार को मानेसर में एक सभा के दौरान कार्यकर्ताओं से कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की साजिश के चलते भुलाए गए बलिदानियों को याद कर उनकी वीर गाथाओं को घर-घर पहुंचाना है। देश की आजादी के लिए 90 साल के संघर्ष में देश के तीन लाख 27 हजार सेनानियों ने बलिदान दिया है। इसमें प्रदेश के स्वतंत्रता सेनानी भी शामिल हैं। उन्होंने गुरुग्राम के कार्यकर्ताओं को बताया कि स्वतंत्रता के लिए जान देने वालों में 229 हरियाणा वीर भी शामिल हैं। कभी भी इन वीरों का नाम कांग्रेस ने सामने नहीं आने दिया।
ओमप्रकाश धनखड़ ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जिन वीरों का नाम कांग्रेस ने प्रकट नहीं होने दिया उसे पार्टी का हर कार्यकर्ता संवेदनशील होकर उनको याद करेगा और जनता के बीच उनके नाम को लेकर जाएगा। धनखड़ ने कहा कि आजाद हिद फौज में हरियाणा के लगभग 2715 सैनिक शामिल थे। गुरुग्राम जिले से 106 अफसर, 580 जवान इस सेना का हिस्सा थे। ऐसे ही रोहतक जिले के 873 लोग नेताजी की सेना में रहे। प्रदेश में भाजपा 23 जनवरी को इन वीरों को नमन करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, उपाध्यक्ष महीपाल ढांडा और पटौदी के विधायक सत्यप्रकाश जरावता ने महाराणा प्रताप की पुण्य तिथि पर उन्हें भी याद किया। इस मौके पर प्रदेश युवा अध्यक्ष राहुल राणा, महेश चौहान, जिलाध्यक्ष गार्गी कक्कड़, प्रदेश मीडिया सह प्रमुख अरविद सैनी, जिला उपाध्यक्ष ज्योति डेमला, हरबीर हडाना, मनोज शर्मा, महामंत्री मनीष गाडौली मौजूद रहे।